
परिषदीय विद्यालयों में अब बच्चों की पढ़ाई का स्तर केवल किताबों के पाठ याद करने से नहीं, बल्कि रोजमर्रा के जीवन में सीखी गई बातों के इस्तेमाल से भी परखा जाएगा।
पहली कक्षा का बच्चा यदि 20 तक गिनती कर सकता है और 20 रुपये का नोट पहचानता है, तभी उसे निर्धारित दक्षताओं के अनुरूप निपुण माना जाएगा। इसी तरह दूसरी कक्षा के विद्यार्थियों को 99 तक गिनती करने के साथ 100 रुपये के नोट और सिक्कों की पहचान तथा उनके इस्तेमाल से सरल लेनदेन की समझ होनी चाहिए।
शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए निपुण आकलन का लक्ष्य निर्धारित है। इसके तहत कक्षा एक और दो के बच्चों की भाषा और गणित विषयों में बुनियादी दक्षताओं की जांच की जाएगी। निपुण घोषित होने के लिए विद्यार्थियों को दोनों विषयों में कम से कम 75 प्रतिशत प्रश्नों के सही उत्तर देने होंगे। यानी भाषा और गणित में अलग-अलग निर्धारित दक्षता हासिल करना अनिवार्य होगा।
आकलन दो चरणों में कराया जाएगा। पहला चरण 21 से 30 दिसंबर और दूसरा चरण 20 से 30 जनवरी के बीच आयोजित होगा। इसमें बच्चों की कक्षा के अनुरूप पढ़ने, समझने, गिनती करने, संख्याओं की पहचान और गणितीय अवधारणाओं को व्यवहार में इस्तेमाल करने की क्षमता परखी जाएगी।
इसका उद्देश्य यह जानना है कि बच्चे अगली कक्षा में जाने से पहले अपनी कक्षा के निर्धारित सीखने के प्रतिफल हासिल कर पाए हैं या नहीं। पिछले शैक्षणिक सत्र 2025-26 में प्रदेश के 1.07 लाख परिषदीय विद्यालयों का निपुण आकलन कराया गया था। इसमें 32,480 विद्यालय निपुण घोषित हुए थे। अब नए सत्र में इस संख्या को बढ़ाने पर जोर है।
इसके लिए विद्यालयों में बच्चों की नियमित पढ़ाई, अभ्यास और सीखने की कमजोरियों को दूर करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। खासतौर पर भाषा और गणित की बुनियादी दक्षताओं को मजबूत करने के साथ बच्चों को सीखी गई बातों का व्यावहारिक उपयोग करने के लिए तैयार किया जाएगा।




