अब शादी या पिकनिक के लिए भी बुक कर सकेंगे रोडवेज बसें, यूपी परिवहन निगम ने शुरू की सुविधा

 विवाह समारोह, पिकनिक अथवा अन्य सामूहिक आयोजनों में जाने के लिए अब रोडवेज बसों की भी प्राइवेट बसों की तरह से ही बुकिंग कराई जा सकेगी। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने बसों की निजी बुकिंग के लिए यह व्यवस्था शुरु की है। इसके लिए एक सप्ताह पहले क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय में आवेदन करने होगा। इसके बाद बस बुक कराई जा सकेंगी। निगम ने 400 किलोमीटर तक की यात्रा के लिए 35000 रुपये किराया भी निर्धारित किया है।

अकसर विवाह समारोह और पिकनिक के लिए एक साथ अधिक लोगों के आने-जाने की व्यवस्था करने में परेशानी होती है। कभी-कभी निजी बस उपलब्ध नहीं होने की वजहा से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसे देखते हुए उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की ओर से बसों को भी निजी उपयोग के लिए बुक कराने की सुविधा दी गई है।

400 किलोमीटर तक आने-जाने के लिए 35000 रुपये किराया तय

रोडवेज बस बुक कराने के लिए संबंधित डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) कार्यालय में प्रार्थना पत्र देना होगा। आवेदन के साथ शादी का कार्ड अथवा यात्रा का उद्देश्य बताना होगा।

निर्धारित व्यवस्था के अनुसार 24 घंटे में 400 किलोमीटर तक आने-जाने के लिए 35,000 रुपये किराया तय किया गया है। इसके साथ ही 400 किलोमीटर से अधिक दूरी तय करने पर प्रति किलोमीटर 69.52 रुपये की दर से किराये का भुगतान करना होगा।

वर्तमान में उत्तर परिवहन निगम के नजीबाबाद डिपो के बेड़े में कुल 91 बसें हैं, जिनमें 85 निगम की हैं और छह अनुबंधित बसें शामिल हैं। रोडवेज बस बुक कराने के लिए एक सप्ताह पहले आवेदन करना अनिवार्य है। इच्छुक लोग यात्रा से एक सप्ताह पहले डिपो पहुंचकर आवेदन करके इस सेवा का लाभ ले सकते हैं।- सत्यम सिसौदिया, एआरएम, नजीबाबाद डिपो

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button