यूपी और उत्तराखंड के बीच 20 हजार करोड़ से अधिक के संपत्ति विवाद सुलझे, लंबित मामलों पर भी बनी सहमति

उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच संपत्तियों के बंटवारे और उनके स्वामित्व से जुड़े 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक के विवाद आपसी सहमति से सुलझा लिए गए हैं। दोनों राज्यों के बीच अभी कुछ मामले लंबित हैं, जिन्हें भी जल्द निपटाने पर सहमति बनी है। इनमें सिंचाई विभाग की संपत्तियों से जुड़े मामले भी शामिल हैं।

बुधवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के बीच बैठक में लंबित मामलों पर विस्तार से चर्चा हुई और आपसी सहयोग व बातचीत के माध्यम से उनका समाधान निकालने पर जोर दिया। बैठक के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर बताया कि उत्तर प्रदेश के सहयोग और दोनों राज्यों के बीच बेहतर तालमेल से अब तक 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियों से जुड़े विवाद सुलझाए जा चुके हैं।

शेष मामलों के निस्तारण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है। धामी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का उत्तराखंड के हितों से जुड़े मामलों में सहयोग और सकारात्मक पहल के लिए आभार जताया। उत्तराखंड के अलग राज्य बनने के बाद से ही दोनों राज्यों के बीच संपत्तियों के बंटवारे, स्वामित्व और उपयोग को लेकर कई मामले लंबित थे।

इनमें सिंचाई विभाग की संपत्तियों, जल संसाधनों और अन्य सरकारी विभागों से जुड़े मामले शामिल हैं। इन सभी लंबित विवादों को जल्द सुलझाने पर सहमति बनी। बैठक में उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज भी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button