उत्तर प्रदेश चुनाव: पीएम मोदी की अमित शाह, नितिन नवीन और बीएल संतोष के साथ बैठक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने, केंद्र में भाजपा सरकार के 12 साल और उत्तरप्रदेश में 10 साल की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के साथ ही लाभार्थियों तक पहुंच बढ़ाने की जरूरत पर बल दिया।

बुधवार की देर रात चली बैठक में गृह व सहकारिता मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और संगठन महामंत्री बीएल संतोष भी मौजूद थे। इसमें मथुरा में प्रदेश पदाधिकारियों की दो दिन बैठक में उठे मुद्दों पर भी चर्चा हुई।

ढाई घंटे से अधिक चली बैठक में नितिन नवीन और बीएल संतोष ने मथुरा बैठक में उठे मुद्दों के बारे में प्रधानमंत्री मोदी को अवगत कराया। मथुरा की बैठक में दोनों मौजूद थे।

इसके साथ ही उन्होंने जमीनी कार्यकर्ताओं से आ रही स्थानीय, क्षेत्रीय और राज्य स्तरीय मुद्दों के बारे में उन्हें बताया। सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री ने सरकार और संगठन को एकजुट होकर चुनावी अभियान में लगने को कहा।

प्रधानमंत्री का कहना था कि लंबे समय बाद उत्तरप्रदेश बीमारु राज्य की श्रेणी से निकलकर तेज विकास के रास्ते पर आया है और इस गति को बरकरार रखने के लिए तीसरी बार भाजपा की जीत जरूरी है।

बताया जाता है कि अमित शाह ने उत्तरप्रदेश के विधानसभा चुनाव की रणनीति और प्रचार अभियान की रणनीति पीएम मोदी के सामने रखा। इस पर लंबी चर्चा के साथ तत्काल काम शुरू करने का निर्णय लिया गया। इस रणनीति में उत्तरप्रदेश के छह संभागों में दूसरे राज्यों के छह संगठन मंत्रियों की तैनाती समेत कई फैसले शामिल हैं।

अयोध्या, मथुरा जैसे हिंदुत्व से जुड़े मुद्दे स्वत: ही चुनावी चर्चा के केंद्र में आ गए हैं। पार्टी को जनता के बीच विकास, रोजगार, कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों को जनता तक पहुंचाने के लिए विशेष कोशिश करनी होगी।

मथुरा बैठक के तत्काल बाद अमित शाह के साथ योगी आदित्यनाथ की लंबी बैठक हुई थी। बाद में इसमें बीएल संतोष और नितिन नवीन भी शामिल हुए थे। उसके पहले नितिन नवीन के आवास पर योगी आदित्यनाथ की अलग से बैठक हुई थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button