विधानसभा चुनाव की आहट तेज: कल आगरा में जुटेंगे 5 मंडलों के अधिकारी, आयोग ने तैयार किया मास्टरप्लान

विधानसभा चुनाव को लेकर निर्वाचन आयोग ने उत्तर प्रदेश में तैयारियां तेज कर दी हैं। मेरठ के बाद अब भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग गुरुवार को आगरा में पांच मंडलों के 21 जिलों की चुनावी तैयारियों की समीक्षा करेंगे। बैठक में कानून-व्यवस्था से लेकर निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं और कार्ययोजना तक का जायजा लिया जाएगा।

आगरा के फतेहाबाद रोड स्थित होटल आइटीसी मुगल में सुबह 11 बजे से होने वाली बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा सहित आयोग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। आगरा, चित्रकूट, झांसी, बरेली और कानपुर मंडलों के मंडलायुक्त, पुलिस आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस उप महानिरीक्षक, जिला निर्वाचन अधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भी बैठक में प्रतिभाग करेंगे।

इससे पहले निर्वाचन आयोग ने दो नवंबर को मेरठ में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के चार मंडलों के 18 जिलों की चुनावी तैयारियों की समीक्षा की थी।

अब आगरा में समीक्षा होगी। संबंधित जिलों के अधिकारी पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से अब तक की तैयारियों, निर्वाचन व्यवस्थाओं और आगामी कार्ययोजना की जानकारी देंगे। आयोग के वरिष्ठ अधिकारी इन प्रस्तुतियों के आधार पर तैयारियों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।

चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक और पुलिस व्यवस्था पर विशेष रूप से चर्चा होगी।

इन 21 जिलों की होगी समीक्षा

आगरा, फिरोजाबाद, मथुरा, मैनपुरी, बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर, जालौन, बरेली, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, कानपुर नगर, कानपुर देहात, औरैया, इटावा, फर्रुखाबाद और कन्नौज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button