हरियाणा भाजपा को मिला नया प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व मंत्री ओपी धनखड़ को मिली कमान

पूर्व मंत्री ओपी धनखड़

चंडीगढ़। आखिरकार हरियाणा भाजपा को अपना नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने हरियाणा के पूर्व मंत्री ओम प्रकाश धनखड़ को नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। ओपी धनखड़ अब सुभाष बराला की जगह लेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव व मुख्यालय प्रभारी अरूण सिंह ने इस संबंध में पत्र जारी किया है। बता दें कि इससे पहले ओम प्रकाश धनखड़ भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी रह चुके हैं। भाजपा ने जाट नेता सुभाष बराला के बाद दूसरे जाट नेता ओपी धनखड़ पर विश्वास जताया है।

नरेंद्र मोदी से निकटता की वजह से पीएम के ड्रीम प्रोजेक्ट ‘स्टेच्यू ऑफ यूनिटी’ का राष्ट्रीय संयोजक बनाया गया था। ओम प्रकाश धनखड़ की पहचान हरियाणा में एक किसान नेता की है। वह साल 2011 से 2015 तक दो बार भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष भी रहे हैं। ओम प्रकाश धनखड़ का जन्म हरियाणा के झज्जर जिले के धाकला गांव में हुआ है। साल 1978 में वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से एक स्वयंसेवक के तौर पर जुड़े। 1980 से 1996 तक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के लिए काम किया। बाद में ओपी धनखड़ स्वदेशी जागरण मंच से भी जुड़े रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button