जनगणना में एक भी व्यक्ति छूटा तो विकास की योजना अधूरी, सटीक आंकड़ों से तय होगी जरूरत: योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लोक भवन सभागार में जनगणना-2027 के दूसरे चरण के तहत स्वगणना और घर-घर गणना अभियान की शुरुआत की।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश में विकास की अगली दशक की तस्वीर अब जनगणना के आंकड़ों से तय होगी। किस क्षेत्र में स्कूल और अस्पताल की जरूरत है, कहां सड़क बननी चाहिए और किन वर्गों तक सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं पहुंच पा रहा है, इसका खाका सटीक जनगणना से ही तैयार होगा। कहा कि गणना में कोई भी पात्र व्यक्ति छूटना नहीं चाहिए। आंकड़ों में दर्ज न होने का खामियाजा कई बार लोगों को सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रहकर भुगतना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि विकास योजनाएं अनुमान के आधार पर नहीं, बल्कि वास्तविक जरूरतों के आकलन पर बननी चाहिए। जनगणना से मिलने वाले आंकड़े सरकार को यह समझने में मदद करेंगे कि किस इलाके में किस सुविधा की कमी है और किन वर्गों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की जरूरत है। मुसहर समुदाय का उदाहरण देते हुए बताया कि पहले इस समाज के लोगों के पास न पक्के मकान थे और न राशन कार्ड।

यदि पिछली जनगणनाओं में उनकी वास्तविक स्थिति और अभावों को ठीक से दर्ज किया गया होता तो उन्हें पहली पंचवर्षीय योजना से ही सरकारी सहायता मिल सकती थी। वर्ष 2017 में सरकार बनने के बाद ऐसे वंचित वर्गों के लिए अलग से योजनाएं बनाकर उन्हें लाभ पहुंचाने का काम किया गया।

वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि वर्ष 2021 में कोरोना महामारी के कारण यह प्रक्रिया नहीं हो सकी थी। उन्होंने सही जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की। निदेशक एवं मुख्य जनगणना अधिकारी शीतल वर्मा ने बताया कि जनगणना-2027 की प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से पूरी की जा रही है।

पहले चरण में मकानों की सूचीकरण का काम पूरा हो चुका है। अब दूसरे चरण में प्रत्येक व्यक्ति से 40 सवालों के जवाब लेकर जनसंख्या से जुड़े आंकड़े जुटाए जाएंगे। उन्होंने जनगणना में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि वे इसे महज सरकारी ड्यूटी न समझें, बल्कि राष्ट्रीय जिम्मेदारी मानकर निभाएं। यदि कोई परिवार अपनी जानकारी देने में संकोच करता है तो उसे धैर्यपूर्वक समझाएं कि जनगणना में दी गई जानकारी गोपनीय रखी जाती है।

जिलाधिकारी प्रतिदिन आधे घंटे प्रगति की समीक्षा करेंगे। उन्होंने युवाओं से स्वगणना अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। साथ ही कहा कि जनप्रतिनिधि लोगों को जागरूक करें और आम नागरिक सही जानकारी देकर सहयोग करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button