
उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की शिक्षक-स्नातक कोटे की 11 सीटों के लिए मतदान शुरू हो गया है। इसी क्रम में राजधानी लखनऊ में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने पत्नी नम्रता पाठक के साथ वोट डाला। लखनऊ में ही मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने भी मतदान किया।
उत्तर विधान परिषद की 11 सीटों के लिए शुक्रवार को मतदान शुरू हो गया। इनमें पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीटें शामिल हैं। मतदान सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा। कुल 14.81 लाख मतदाता 152 प्रत्याशियों के भाग्य का निर्णय करेंगे।
चुनाव के लिए 2697 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ और इलाहाबाद-झांसी सीट शामिल हैं। वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, बरेली-मुरादाबाद और गोरखपुर-फैजाबाद सीट पर चुनाव हो रहा है। मतगणना 27 अक्टूबर को होगी।

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने मतदान के बाद कहा कि लखनऊ में उत्तर प्रदेश विधान परिषद द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के अंतर्गत लखनऊ खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में सपत्नीक अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र के इस महापर्व में सहभागिता की।
मतदान केवल हमारा अधिकार ही नहीं, बल्कि एक सशक्त लोकतंत्र के निर्माण के प्रति हमारा दायित्व भी है। हम सभी अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें और लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त बनाने के साथ-साथ विकसित भारत एवं विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को साकार करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। आपका एक वोट, विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश की मजबूत नींव है।
उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने उत्तर प्रदेश विधान परिषद के पांच खण्ड स्नातक एवं छह खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के लिए हो रहे मतदान के दौरान दस बजे अपने निर्धारित मतदेय स्थल, बूथ संख्या-224 (स्नातक), केंद्रीय विद्यालय, विकास खण्ड-2, गोमती नगर, लखनऊ में अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में विधान परिषद के इन 11 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतदान प्रातः 8:00 बजे से प्रारंभ होकर सायं 4:00 बजे तक निर्धारित है। निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।




