इसी महीने शुरू होगा चित्रकूट लिंक एक्सप्रेसवे का निर्माण, बुंदेलखंड में निवेश और रोजगार को लगेंगे पंख

चित्रकूट धाम को बेहतर कनेक्टिविटी देने के लिए चित्रकूट लिंक एक्सप्रेसवे का निर्माण इसी माह शुरू कराने की तैयारी पूरी कर ली गई है। उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) ने इस लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण के लिए एमकेसी इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड का चयन किया है।

यूपीडा द्वारा लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण के लिए मांगी गई वित्तीय निविदा में संबंधित कंपनी ने सबसे कम बोली लगाई है। यूपीडा द्वारा निर्मित किए जाने वाले इस लिंक एक्सप्रेसवे की लंबाई 15.172 किलोमीटर होगी। इसे छह लेन के एक्सेस कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के रूप में विकसित किया जाएगा। परियोजना का निर्माण इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन (ईपीसी) पद्धति से होगा।

परियोजना के लिए यूपीडा की ओर से जारी निविदा के सापेक्ष चार कंपनियों ने बोली लगाई थी। इनके मूल्यांकन के बाद पिछली 29 अक्टूबर को हुई सार्वजनिक-निजी भागीदारी बोली मूल्यांकन समिति की बैठक में दो कंपनियों को तकनीकी रूप से योग्य घोषित किया गया।

विकास और रोजगार के नए अवसर बढ़ने की उम्मीद

इसके बाद तीन नवंबर को अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार की अध्यक्षता में समिति की बैठक हुई। इसमें तकनीकी रूप से योग्य कंपनियों की वित्तीय निविदाएं खोली गईं। सबसे कम बोली लगाने के आधार पर एमकेसी इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड का चयन किया गया।

इस एक्सप्रेसवे के निर्माण से चित्रकूट धाम को प्रदेश और राष्ट्रीय राजधानी से बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे तथा आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के माध्यम से तेज और सुरक्षित कनेक्टिविटी मिलेगी। साथ ही बुंदेलखंड क्षेत्र में विकसित हो रहे रक्षा और औद्योगिक गलियारों को भी बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा। इससे क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों, सामाजिक विकास और रोजगार के नए अवसर बढ़ने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button