
उत्तर प्रदेश में बेटियों की सुरक्षा, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देने के लिए योगी सरकार विद्यालय स्तर पर संचालित ‘मीना मंच’ को नया विस्तार देने जा रही है। विशेष परियोजना फॉर इक्विटी के तहत राज्य स्तर पर ‘ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स’ (ToT) और ‘मास्टर ट्रेनर’ (MT) कार्यशाला का आयोजन एसआईईटी (SIET), प्रयागराज में 09 से 24 सितंबर 2026 के बीच किया जाएगा। इस 9-दिवसीय विशेष अभियान में प्रदेश के सभी 75 जिलों से चयनित 450 प्रतिनिधियों को प्रशिक्षित कर मीना मंच को संस्थागत रूप से और अधिक सशक्त बनाया जाएगा।

प्रशिक्षण का चरणबद्ध शेड्यूल
राज्य शैक्षिक प्रौद्योगिकी संस्थान (SIET), प्रयागराज में आयोजित होने वाले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को 9 अलग-अलग बैचों में विभाजित किया गया है, जिसमें प्रति बैच 50-50 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे।
- बैच 1 व 2 (09-10 सितंबर): बदायूं, बुलंदशहर, चंदौली, चित्रकूट, देवरिया, एटा, इटावा, फैजाबाद, फर्रुखाबाद, फतेहपुर, फिरोजाबाद, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, गाजीपुर, गोंडा, गोरखपुर व हमीरपुर।
- बैच 3 व 4 (11-12 सितंबर): हापुड़, हरदोई, हाथरस, जालौन, जौनपुर, झांसी, कन्नौज, कानपुर देहात, कासगंज, कौशांबी, कुशीनगर, कानपुर नगर, लखीमपुर खीरी, ललितपुर, लखनऊ व महाराजगंज।
- बैच 5 व 6 (16-17 सितंबर): महोबा, मैनपुरी, मथुरा, मऊ, मेरठ, मिर्जापुर, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, पीलीभीत, प्रतापगढ़, रायबरेली, रामपुर, सहारनपुर, संभल, संत कबीर नगर व शाहजहांपुर।
- बैच 7 व 8 (21-22 सितंबर): शामली, सिद्धार्थनगर, सीतापुर, सोनभद्र, श्रावस्ती, सुल्तानपुर, उन्नाव, वाराणसी, आगरा, अलीगढ़, औरैया, प्रयागराज, अंबेडकर नगर, अमेठी, अमरोहा, आजमगढ़ व बागपत।
- बैच 9 (23-24 सितंबर): बहराइच, बलरामपुर, बांदा, बाराबंकी, बरेली, बस्ती, भदोही व बिजनौर।
सुरक्षा और नेतृत्व क्षमता संवर्धन पर मुख्य फोकस
महानिदेशक (स्कूल शिक्षा) मोनिका रानी के दिशा-निर्देशानुसार, इस विस्तृत कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य मीना मंचों के माध्यम से विद्यालयों में ऐसा वातावरण तैयार करना है जहां छात्राएं निडर होकर अपनी बात रख सकें।
- यौन शोषण के खिलाफ जागरूकता: कार्यशाला में यौन उत्पीड़न और बाल सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों के प्रभावी क्रियान्वयन की बारीकियां सिखाई जाएंगी।
- लीडरशिप डेवलपमेंट: बालिकाओं में निर्णय लेने की क्षमता, आत्म-विश्वास और संवाद कौशल विकसित करने के लिए मास्टर ट्रेनर्स को विशेष तकनीकें बताई जाएंगी।
- ज़मीनी स्तर पर क्रियान्वयन: प्रयागराज से प्रशिक्षित होकर निकलने वाले ये 450 मास्टर ट्रेनर्स अपने-अपने जनपदों के विद्यालयों में जाकर शिक्षकों व छात्राओं का क्षमता संवर्धन करेंगे।
“योगी सरकार बालिकाओं को शिक्षा के साथ-साथ नेतृत्व, आत्मविश्वास और सुरक्षित वातावरण देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मीना मंच बालिकाओं के सशक्तीकरण का एक प्रभावी माध्यम है और यह 450 मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण इस व्यवस्था को ज़मीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करेगा।”
– संदीप सिंह, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), बेसिक शिक्षा, उत्तर प्रदेश




