
मध्य प्रदेश के बीना स्टेशन पर यार्ड रिमाडलिंग और अन्य सेक्शनों पर इंजीनियरिंग कार्य के चलते हुए ब्लाक का असर लंबी दूरी की ट्रेनों पर पड़ा। रविवार को आने वाली एलटीटी-लखनऊ एसी एक्सप्रेस 24 घंटे की देरी से लखनऊ पहुंची।
इस कारण लखनऊ से भी यह ट्रेन 23:30 घंटे की देरी से सोमवार को रवाना हो सकी। पुष्पक एक्सप्रेस और भोपाल-प्रतापगढ़ सुपरफास्ट सहित कई ट्रेनें तीन से चार घंटे तक बीना के आसपास फंसी रहीं।
ट्रेन 22121 एलटीटी-लखनऊ एक्सप्रेस शनिवार दोपहर 1:35 बजे की जगह रविवार सुबह 8:30 बजे वहां से 18:55 घंटे की देरी से रवाना हुई। यह ट्रेन रानी कमलापति और वीरांगना लक्ष्मी झांसी जंक्शन आने तक 24 घंटे लेट हो गई।रविवार की जगह एसी एक्सप्रेस सोमवार को करीब 24 घंटे की देरी से लखनऊ पहुंची।
लखनऊ से 22122 एसी एक्सप्रेस सोमवार को 23:30 घंटे की देरी से रवाना हो सकी। बीना में यार्ड रिमाडलिंग के कारण मुंबई से आने वाली पुष्पक एक्सप्रेस 3:35 घंटे, भोपाल-प्रतापगढ़ सुपरफास्ट करीब चार घंटे, भोपाल-लखनऊ गरीब रथ एक्सप्रेस 3:45 घंटे लेट रही।




