जीएसटी की बात: राहुल गाँधी ने मोदी सरकार पर साधा निशाना, कही यह बात

नई दिल्ली। अर्थव्यवस्था पर घिरी मोदी सरकार के खिलाफ कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मोर्चा खोल दिया है। गिरती जीडीपी पर राहुल गांधी सरकार की आर्थिक नीतियों को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। रविवार को उन्होंने ‘जीएसटी की बात’ के जरिये कई सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि जीएसटी में क्या गड़बड़ी है और कौन प्रभावित हो रहा है? 

राहुल गांधी का मानना है कि मोदी सरकार सही तरीके से जीएसटी को लागू करने में नाकाम रही है। राहुल ने जीएसटी के अंदर 4 तरह के स्लैब को गलत कदम बताया। उन्होंने कहा कि जीडीपी में गिरावट की एक बड़ी वजह जीएसटी का फ्लॉप होना भी है। मौजूदा सरकार ने GST के जरिए उस वर्ग पर हमला किया है, जो देश की रीढ़ है।

उन्होंने फिर जीएसटी को मोदी सरकार का गब्बर सिंह टैक्स करार दिया है। राहुल ने आरोप लगाया कि गलत तरीके से जीएसटी को लागू करने से लाखों छोटे व्यापार बर्बाद हो गए। करोड़ों नौकरियां और युवाओं का भविष्य अधर में लटक गया है। सबसे ज्यादा नाइंसाफी राज्यों के साथ हुई है। केंद्र सरकार राज्यों को जीएसटी का पैसा नहीं दे पा रही है। यह देश के गरीबों के साथ नाइंसाफी है। 

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के GST का मतलब आर्थिक सर्वनाश है। राहुल गांधी की मानें तो मोदी सरकार ने साजिशन जीएसटी में चार तरह के स्लैब रखे हैं। ताकि छोटे कारोबारी इसमें उलझ कर रह जाएं और बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचे। उन्होंने कहा कि इस जीएसटी में केवल 15-20 उद्योगपतियों की पहुंच है, वे मनमुताबिक जीएसटी नियमों में बदलाव कर सकते हैं।  

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button