
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को बांदा के पंडित जेएन पीजी कालेज मैदान में आयोजित जनसभा में बांदा और बबेरू विधानसभा क्षेत्र की 710 करोड़ रुपये की लागत वाली 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के नौ वर्षों में बुंदेलखंड की तस्वीर और तकदीर दोनों बदली हैं। कभी पलायन, पेयजल संकट और डकैतों के लिए पहचाने जाने वाले इस क्षेत्र में आज विकास की नई इबारत लिखी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें सबसे पहले बुंदेलखंड का दौरा करने और इस क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देने के लिए कहा था। उस समय बुंदेलखंड पिछड़ेपन, पलायन और पेयजल संकट से जूझ रहा था।
डकैतों और विभिन्न माफियाओं का आतंक था। किसान खेतों तक जाने से डरते थे, नौजवान रोजगार के लिए पलायन कर रहे थे और व्यापारी भय के माहौल में जीवन बिता रहे थे।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में प्रदेश में डबल इंजन सरकार बनने के बाद हालात तेजी से बदले। आज बुंदेलखंड बेहतर सड़क और रेल संपर्क से जुड़ रहा है। हर घर तक पेयजल पहुंचाने और किसानों के खेतों तक सिंचाई का पानी उपलब्ध कराने के लिए बड़े पैमाने पर काम किया जा रहा है।
सरकारी नौकरियों में भी बांदा के युवाओं की भागीदारी बढ़ी है, जो पहले केवल एक सपना हुआ करती थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परिवर्तन जनता के सहयोग और अच्छे जनप्रतिनिधियों के प्रयासों से संभव हुआ है।
उन्होंने सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी, जलशक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद और नरैनी विधायक ओममणि वर्मा का उल्लेख करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों की सक्रियता से क्षेत्र में विकास परियोजनाओं को गति मिली है।
उन्होंने कहा कि आज बुंदेलखंड डकैतों और माफियाओं के आतंक से मुक्त होकर विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज, कृषि विश्वविद्यालय, इंजीनियरिंग कॉलेज जैसी संस्थाएं संचालित हो रही हैं। पॉलिटेक्निक कॉलेज का निर्माण कराया जा रहा है तथा सड़क, पेयजल और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर तेजी से कार्य चल रहा है।
मुख्यमंत्री ने वर्ष 2017 से पहले की सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय कानून व्यवस्था चरमराई हुई थी और गरीबों को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाता था।
आज बिना किसी भेदभाव के प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, मुफ्त राशन सहित सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंच रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र के अनुरूप प्रदेश सरकार सभी वर्गों के विकास के लिए काम कर रही है।
जनसभा में कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि विपणन राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह, जलशक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद, जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष मालती बसु, राज्यसभा सदस्य बाबूराम निषाद, विधान परिषद सदस्य डा. बाबूलाल तिवारी, सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी, विधान परिषद सदस्य जितेंद्र सिंह सेंगर, नरैनी विधायक ओममणि वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष कल्लू राजपूत, क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर साहू, पूर्व सांसद आर.के. पटेल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।




