सड़कों के निर्माण कार्य में कोई कोताही स्वीकार नहीं: मुख्यमंत्री योगी

विजय कुमार निगम वाराणसी:- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को वाराणसी पहुंचे। उन्होंने सर्किट हाउस सभागार में अधिकारियों एवं विभागीय अभियंताओं के साथ वाराणसी मंडल में लोक निर्माण विभाग के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने युद्धस्तर पर अभियान चलाकर इन कार्यों को गुणवत्ता मानकों के अनुरूप समय से कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से बरसात से पहले पूर्ण होने वाली परियोजनाओं पर विशेष ध्यान देने के लिए कहा। मुख्यमंत्री को बताया गया कि वाराणसी परिक्षेत्र में 7175 करोड़ की 2630 परियोजनाएं चालू हैं, जिसमें से 687 कार्य शत प्रतिशत पूर्ण हो चुके हैं, 542 कार्य 90 प्रतिशत पूर्ण हो चुके हैं। इसी प्रकार वाराणसी जिले में 3223 करोड़ रुपए के 421 कार्य गतिमान हैं, जिसमें 85 कार्य शत प्रतिशत पूर्ण तथा 158 कार्य 90 प्रतिशत तक पूर्ण हो चुके हैं।

          इस दौरान मुख्यमंत्री ने पीडब्ल्यूडी के गत वर्ष के कार्यों की प्रगति की भी जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना तत्काल उपलब्ध कराएं। कार्य योजना तैयार करते समय धनराशि स्वीकृत हो एवं टेंडर प्रक्रिया भी साथ में हो, कोई वेटिंग नहीं होनी चाहिए। कार्यों में गति लाये जाने हेतु कमिश्नर एवं जिलाधिकारी अपने-अपने स्तर पर बैठक कर समीक्षा करें, ताकि निर्माण कार्यों में हर हालत में प्रगति सुनिश्चित हो सके।

         मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन सड़कों की मरम्मत कराई जानी हो, उनका पहले सर्वे अवश्य करा लिया जाए। नगर निगम नगरीय क्षेत्र की सड़कों की मरम्मत कराना सुनिश्चित करें। जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों को अवश्य शामिल किया जाए। सभी आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था करके ही कार्य शुरू कराएं, ताकि हर हालत में कार्य समय से पूर्ण हों और आमजन को सहूलियत हो। मुख्यमंत्री ने बैठक के दौरान चंदौली में बनने वाले इंटीग्रेटेड कोर्ट कॉम्प्लेक्स के कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। पीडब्ल्यूडी के अभियंताओं ने बताया कि 18 फीसदी कार्य पूर्ण हो चुका है। 

        मुख्यमंत्री ने कार्य में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखते हुए हर हालत में समय से कार्य पूर्ण कराए जाने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने वाराणसी में लोक निर्माण विभाग द्वारा बनने वाले यूनिटी मॉल के निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button