सपा की सरकार बनी तो बंद होगी आउटसोर्सिंग, अभ्यर्थियों को मिलेगी पक्की नौकरी: अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार संविधान व लोकतंत्र विरोधी है। भाजपा सरकार में कानून और संविधान से काम नहीं हो रहा है। सरकार ने पुलिस को खुली छूट दे रखी है। गुंडा एक्ट लगाने को लेकर हाईकोर्ट की टिप्पणी बेहद गंभीर है।

रविवार को जारी प्रेस बयान में उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार लोगों पर झूठे मुकदमे दर्ज कर उन्हें प्रताड़ित कर रही है। सरकार विपक्ष के नेताओं के वीडियो बनवा कर उन्हें बदनाम करने की साजिश रच रही है।

हाईकोर्ट को इसका संज्ञान लेना चाहिए। उन्होंने कहा है कि पंचायत सहायक सहित अन्य भर्तियों को लेकर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों को सरकार ने धोखा दिया है। समाजवादी सरकार आने पर आउटसोर्स की व्यवस्था बंद कर पक्की नौकरी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को बर्बाद कर दिया है।

किसानों को फसलों की सही कीमत नहीं मिल रही: अखिलेश

सपा अध्यक्ष ने कहा कि सरकार किसानों को खाद व बीज नहीं उपलब्ध करा पा रही है। किसानों को आलू, गन्ना, मक्का समेत किसी फसल की सही कीमत नहीं मिल रही है।

दूसरी तरफ रविवार को हरदोई की नगर पंचायत के सभासद दिलीप कुमार दीक्षित तथा फूलपुर प्रयागराज की नगर पंचायत के सभासद अरशद उल्लाह की अगुवाई में बड़ी संख्या में हरदोई, अलीगढ़, अयोध्या, लखीमपुर खीरी, प्रतापगढ़, बाराबंकी तथा प्रयागराज के सभासदों ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

वहीं, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल के नेतृत्व में रविवार को समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने इको गार्डेन में पंचायत सहायक कर्मचारी यूनियन तथा 68,500 सहायक शिक्षा भर्ती में नियत प्रक्रिया के अनुपालन न किए जाने के विरोध में धरना-प्रदर्शन कर रहे पीड़ित अभ्यर्थियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। समाजवादी प्रतिनिधिमंडल ने आश्वासन दिया कि समाजवादी सरकार बनते ही उनकी समस्याओं का निराकरण होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button