
बिग बॉस 19 की चर्चित कंटेस्टेंट और पूर्व ब्यूटी क्वीन नेहल चुडासमा एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह उनका कोई नया प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर शेयर की गईं कुछ ऐसी तस्वीरें हैं, जिन्होंने फैंस को हैरान कर दिया। लाल जोड़े में सजी-धजी नेहल को देखकर लोगों को लगा कि उन्होंने अपने कथित बॉयफ्रेंड अमीन घेशमती के साथ गुपचुप शादी कर ली है। तस्वीरें सामने आते ही सोशल मीडिया पर बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया और फैंस उनकी नई जिंदगी के लिए शुभकामनाएं देने लगे। नेहल ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कुछ बेहद खूबसूरत तस्वीरें और एक वीडियो शेयर किया। तस्वीरों में वह पारंपरिक लाल लहंगे में नजर आ रही हैं। वहीं अमीन भी उनके साथ खास अंदाज में दिखाई दे रहे हैं। दोनों की केमिस्ट्री और तस्वीरों का रोमांटिक अंदाज किसी असली शादी से कम नहीं लग रहा था। तस्वीरों में नेहल अपने पार्टनर का हाथ थामे नजर आईं, जिससे लोगों को लगा कि दोनों ने अपने रिश्ते को नया नाम दे दिया है।

इन तस्वीरों के साथ नेहल ने एक छोटा लेकिन भावुक कैप्शन लिखा अभी भी इसे पचा पा रही हूं।ष् बस फिर क्या था, इस एक लाइन ने फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी। लोगों ने बिना देर किए उन्हें शादी की बधाई देना शुरू कर दिया। कई लोगों को लगा कि नेहल ने चुपचाप शादी रचा ली है और अब इसकी जानकारी सोशल मीडिया के जरिए दे रही हैं। पोस्ट सामने आने के बाद कई टीवी और सोशल मीडिया हस्तियों ने भी कमेंट सेक्शन में अपनी प्रतिक्रियाएं दीं। कुछ सितारों ने उन्हें बधाई दी, जिससे शादी की अटकलों को और बल मिला। यही वजह रही कि कुछ ही घंटों में यह पोस्ट सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई और लोग लगातार इसकी सच्चाई जानने की कोशिश करने लगे।
जहां कई लोग शादी की खबर को सच मान बैठे, वहीं कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने तस्वीरों को ध्यान से देखने के बाद अंदाजा लगाया कि यह किसी ब्राइडल फोटोशूट या प्रमोशनल कैंपेन का हिस्सा हो सकता है। एक यूजर ने लिखा कि यह शायद किसी विज्ञापन या ब्राइडल शूट की तस्वीरें हैं। वहीं दूसरे यूजर्स ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर यह सच नहीं है तो दोनों को जल्द ही सच में शादी कर लेनी चाहिए। नेहल चुडासमा और अमीन घेशमती लंबे समय से एक-दूसरे के साथ तस्वीरें और वीडियो शेयर करते रहे हैं। दोनों को कई मौकों पर साथ देखा गया है और सोशल मीडिया पर उनकी बॉन्डिंग भी साफ नजर आती है। हालांकि दोनों के रिश्ते को लेकर अक्सर चर्चा होती रही है, लेकिन अब तक किसी ने भी आधिकारिक रूप से अपने रिश्ते की पुष्टि नहीं की है। यही कारण है कि शादी की इन तस्वीरों ने लोगों की उत्सुकता और बढ़ा दी। सबसे दिलचस्प बात यह है कि तस्वीरें वायरल होने के बाद भी नेहल चुडासमा ने इस बारे में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। उन्होंने न तो शादी की पुष्टि की है और न ही इन तस्वीरों के पीछे की सच्चाई बताई है। ऐसे में फैंस अभी भी इंतजार कर रहे हैं कि आखिर यह तस्वीरें किसी असली शादी की हैं या फिर सिर्फ एक खूबसूरत फोटोशूट का हिस्सा। वर्कफ्रंट की बात करें तो नेहल चुडासमा टीवी और रियलिटी शोज की दुनिया का जाना-पहचाना चेहरा हैं। उन्हें आखिरी बार रियलिटी शो द 50 में देखा गया था। अपनी खूबसूरती, स्टाइल और सोशल मीडिया प्रेजेंस के चलते वह लगातार चर्चा में बनी रहती हैं। फिलहाल उनकी ये वायरल तस्वीरें इंटरनेट पर खूब सुर्खियां बटोर रही हैं और फैंस बेसब्री से इस रहस्य के खुलने का इंतजार कर रहे हैं।




