लखनऊ में कांवड़ यात्रा को लेकर शिवालयों से सोशल मीडिया तक रहेगी निगरानी, राजधानी में पुलिस अलर्ट.

श्रावण मास की शुरुआत और कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है। प्रमुख शिवालयों, कांवड़ यात्रा मार्गों, संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं सीसी कैमरों और इंटरनेट मीडिया मानिटरिंग के जरिए चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाएगी।

संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था बबलू कुमार ने बताया कि नागेश्वर महादेव, मनकामेश्वर, महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर, बुद्धेश्वर महादेव और चंद्रिका देवी मंदिर समेत अन्य प्रमुख शिवालयों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। मंदिर परिसरों में भीड़ प्रबंधन के लिए अतिरिक्त पुलिस बल के साथ सिविल डिफेंस, डिजिटल वालंटियर और विशेष पुलिस बल की भी तैनाती की गई है।

पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा

पैदल गश्त बढ़ाई गई है और स्थानीय पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है। कांवड़ यात्रा मार्गों, संवेदनशील इलाकों और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में डायल-112, पिंक मोबाइल, एंटी रोमियो स्क्वायड और सादे कपड़ों में महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं जलाशयों और घाटों पर एसडीआरएफ की टीमें सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगी, जबकि एलआइयू की टीमें असामाजिक तत्वों पर नजर रखेंगी।

यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए बुद्धेश्वर चौराहा, मनकामेश्वर मंदिर ढाल, डालीगंज चौराहा, हनुमान सेतु, पाल तिराहा, दुबग्गा तिराहा, बाराबिरवा तिराहा और सीतापुर मार्ग समेत कई स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है। प्रमुख मंदिरों के आसपास बैरिकेडिंग कर अतिरिक्त यातायात पुलिस तैनात की गई है।

पुलिस कमिश्नरेट ने इंटरनेट मीडिया पर भी विशेष निगरानी की व्यवस्था की है। फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स और वाट्सएप समेत विभिन्न प्लेटफार्म पर भड़काऊ पोस्ट या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। पुलिस ने श्रद्धालुओं से अफवाहों पर ध्यान न देने, संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना देने और शांतिपूर्ण ढंग से श्रावण मास व कांवड़ यात्रा संपन्न कराने में सहयोग की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button