योगी सरकार की पहल: धनतेरस पर प्रदेश की सभी मंडियों में मनेगा दीपोत्सव, किसानों-व्यापारियों का होगा सम्मान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार किसान कल्याण, स्वच्छता और मंडियों में बेहतर व्यापारिक वातावरण विकसित करने की दिशा में जनभागीदारी को बढ़ावा दे रही है। इसी क्रम में मंडी परिषद द्वारा संचालित ‘स्वच्छ मंडी-शुभ मंडी अभियान’ के अंतर्गत 6 नवंबर 2026 को धनतेरस के अवसर पर प्रदेश की सभी मंडी समितियों में दीपोत्सव आयोजित किया जाएगा। इस पहल के जरिए मंडियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने, किसानों एवं व्यापारियों की सहभागिता सुनिश्चित करने और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को लाभार्थियों तक पहुंचाने पर जोर दिया जाएगा।

मंडी परिषद के निदेशक जितेंद्र प्रताप सिंह ने सभी मंडी समितियों को आयोजन के संबंध में निर्देश जारी किए हैं। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, किसानों, व्यापारियों तथा मंडी समितियों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इसका उद्देश्य मंडियों को केवल कृषि उपज के क्रय-विक्रय का केंद्र न रखकर स्वच्छ, सुव्यवस्थित और सकारात्मक कार्यस्थल के रूप में विकसित करना तथा स्वच्छता को वर्षभर की कार्यसंस्कृति बनाना है।

किसान कल्याणकारी योजनाओं का होगा प्रचार-प्रसार

निदेशक जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि योगी सरकार की किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी अधिकाधिक लाभार्थियों तक पहुंचाने के लिए दीपोत्सव कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाएगा। मंडी परिषद की मुख्यमंत्री कृषक कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को जनप्रतिनिधियों के माध्यम से धनराशि के चेक अथवा प्रारूप चेक वितरित कराए जाएंगे। इससे योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने और किसानों को उपलब्ध कल्याणकारी सुविधाओं की जानकारी देने में मदद मिलेगी।

स्वच्छता और बेहतर व्यापारिक व्यवहार को मिलेगा प्रोत्साहन

योगी सरकार की स्वच्छता एवं सुचारु व्यवस्था की प्राथमिकताओं के अनुरूप मंडियों में स्वच्छता अभियान में उत्कृष्ट योगदान देने वाले किसानों और व्यापारियों को सम्मानित किया जाएगा। समय से भुगतान करने वाले तथा व्यापारिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाने वाले व्यापारियों को भी सम्मानित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए प्रशस्ति-पत्र और उपयुक्त सम्मान सामग्री की व्यवस्था स्थानीय स्तर पर की जा सकेगी। इस पहल का उद्देश्य मंडियों में स्वच्छता, जिम्मेदारी और बेहतर व्यापारिक व्यवहार को प्रोत्साहित करना है।

दीपों से सजेंगी मंडियां, उपलब्धियों की भी मिलेगी जानकारी

धनतेरस पर मंडियों को दीपों से सजाकर उत्साहपूर्ण और सकारात्मक वातावरण बनाया जाएगा। इस अवसर पर मंडी परिषद की कल्याणकारी योजनाओं और ‘स्वच्छ मंडी-शुभ मंडी अभियान’ के अंतर्गत संबंधित मंडी समितियों द्वारा किए गए प्रमुख कार्यों एवं उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार भी होगा। सरकार की मंशा के अनुरूप स्वच्छता को किसी एक आयोजन तक सीमित रखने के बजाय पूरे वर्ष मंडियों की नियमित व्यवस्था का हिस्सा बनाने पर जोर दिया जाएगा।

आयोजन के लिए मंडियों को वित्तीय स्वीकृति

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के लिए प्रत्येक ‘क’ विशिष्ट एवं ‘क’ श्रेणी की मंडी को 20 हजार रुपये तथा अन्य मंडियों को 10 हजार रुपये प्रति मंडी की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इस राशि का व्यय निर्धारित वित्तीय प्रावधानों और नियमानुसार किया जाएगा।

नोडल अधिकारी करेंगे निगरानी, मुख्यालय को भेजनी होगी रिपोर्ट

सभी मंडी समितियों को दीपोत्सव, आयोजित गतिविधियों तथा सम्मानित किसानों एवं व्यापारियों की कार्यवाही का विवरण मंडी परिषद मुख्यालय को भेजना होगा। आयोजन के अनुश्रवण के लिए संबंधित संभाग के संभागीय उप निदेशक (प्रशासन/विपणन) को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। संबंधित उप निदेशक (निर्माण) आयोजन में आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे।

योगी सरकार की किसान कल्याण और स्वच्छता संबंधी प्राथमिकताओं से जुड़ी इस पहल के माध्यम से मंडियों में जनभागीदारी बढ़ाने, स्वच्छ वातावरण विकसित करने और किसानों-व्यापारियों को सम्मानित कर सकारात्मक कार्यसंस्कृति को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button