
प्रदेश में भारत टैक्सी सेवा का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व की सपा सरकार पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में अराजकता का माहौल था। सत्ताधारी दल के गुंडे कार चालक की हत्या कर कार लेकर भाग जाते थे।
उस समय भैंसागाड़ी चलाने वाला व्यक्ति भी यदि चाय पीने या लघुशंका के लिए के लिए अपनी भैंसागाड़ी से नीचे उतरता था, तो बदमाश भैंसा खोल ले जाते थे।अब यूपी में अराजकता और उपद्रव की जगह उत्सव का माहौल है।
पांच कालिदास मार्ग पर आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि सहकारिता हमारे जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। सहकारिता की सफलता इस बात पर निर्भर करती है कि इसकी कमान किसके हाथ में है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले यूपी की स्थिति सभी जानते हैं।
टायर हो जाते थे गायब
उस समय महीनों कर्फ्यू रहता था, दंगे होते थे और अराजकता चरम पर थी। लोग टैक्सी में बैठते थे तो किराया नहीं देते थे। सत्ताधारी दल के गुंडे कार में बैठकर ड्राइवर की हत्या क कार लेकर भाग जाते थे। मेरठ में चोरी की गाड़ियों की स्क्रैपिंग होती थी। टैक्सी खड़ी की तो पता चलता था कि टायर ही गायब हो गया। यह तक पता नहीं चलता था कि गड्ढे में सड़क है या सड़कों में गड्ढे हैं।

उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में कर्फ्यू नहीं लगता, दंगे नहीं होते और चोरी की घटनाएं भी नहीं होती हैं। हमने प्रदेश में 14 लाख सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। कोई चोरी करके भागता है तो अगले ही चौराहे पर पकड़ लिया जाता है। पहले किसान आत्महत्या करते थे, पलायन करते थे और बिचौलिए हावी थे।
हमारी सरकारी बनी तो सबसे पहले अन्नदाता किसानों के कर्जे माफ किए गए। अब किसानों के चेहरे पर खुशहाली है। विपन्न यूपी अब संपन्न बन चुका है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले 16 जिला सहकारी बैंकों के लाइसेंस जब्त हो गए थे, जबकि अब इनमें से 15 बैंक मुनाफे में आ चुके हैं।




