
अयोध्या । अयोध्या के श्रीराम मंदिर चंदा चोरी मामले में वकील खुलकर मैदान में आ गए हैं। फैजाबाद बार एसोसिएशन के नेतृत्व में वकीलों ने गुरुवार को घटना पर कड़ा विरोध दर्ज कराया। चंदा और चढ़ावा चोरी प्रकरण में चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग लेकर श्रीराम जन्मभूमि थाने पहुंचे।

राम मंदिर चंदा चोरी में 8 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज है और सभी गिरफ्तार हो चुके हैं।
एसआईटी जांच कर रही हैं। इस सबके बीच वकील और विपक्ष लगातार हमलावर हैं। इस आरोप के साथ कि चंदा चोरी में बड़े लोगों को छोड़ दिया गया। बार एसोसिएशन ने पहली मीटिंग में ही चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने की मांग की थी। बार ने अयोध्या छोड़ने के लिए उन्हें तीन दिन का अल्टीमेटम भी दिया था। इसी क्रम में अयोध्या में विरोध तेज हो गया है। गुरुवार को बार एसोसिएशन के नेतृत्व में वकीलों ने कचहरी पर विरोध-प्रदर्शन किया। इसके बाद श्रीराम जन्मभूमि थाने पहुंचकर तीनों के विरुद्ध एफआईआर के लिए तहरीर दी।




