मुलायम सिंह के अंतिम संस्कार में शामिल होने कल इटावा के सैफई जाएंगे सीएम योगी | Mulayam Singh Yadav Death


लखनऊ, जेएनएन। समाजवादी पार्टी के संरक्षक उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की पार्थिव देह का अंतिम संस्कार मंगलवार को उनके पैतृक गांव इटावा के सैफई में होगा। मुलायम सिंह यादव का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ सैफई महोत्सव पंडाल के पास उनकी जमीन पर होगा और यहीं पर उनकी समाधि बनेगी।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को इटावा के सैफई जाकर मुलायम सिंह यादव के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे।

मुलायम सिंह यादव लखनऊ में सीएम योगी आदित्यनाथ सरकार के पहले शपथ ग्रहण समारोह में अखिलेश यादव के साथ मंच पर मौजूद थे। सैफई महोत्सव प्रांगण के पास मुलायम सिंह यादव की पैतृक जमीन पर करीब तीन बजे से उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। वहीं पर उनकी समाधि बनेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज कैबिनेट बैठक के बाद मुलायम सिंह यादव के निधन पर शोक जताया। उन्होंने कहा कि हमने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मैं मुलायम सिंह जी को श्रद्धांजलि देता हूं। इसके साथ ही उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। मुलायम सिंह यादव भी भारतीय राजनीति के महत्वपूर्ण स्तंभ थे। देश तथा प्रदेश की राजनीति में अहम भूमिका रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह पांच दशक तक राजनीति में सक्रिय रहे। मुलायम सिंह यादव एक संघर्षशील नेता थे। उनके निधन पर हमने प्रदेश में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। नेताजी के निधन पर प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुकाया गया है। उनका अंतिम संस्कार भी पूरे राजकीय सम्मान के साथ होगा। मैं कल अंतिम संस्कार में सैफई जाऊंगा।सैफई में मुलायम सिंह यादव के अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शासन पूरे राजकीय सम्मान के साथ करवाएगी।

सैफई महोत्सव पंडाल परिसर में कल होंगे मुलायम सिंह के अंतिम दर्शन

समाजवादी पार्टी के संरक्षक एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का अंतिम संस्कार 11 अक्टूबर को दोपहर तीन बजे उनके पारिवारिक समाधि स्थल पर होगा। इससे पहले आज इटावा के सैफई में उनकी कोठी पर उनकी पार्थिव देह को लोगों के अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। उनकी पार्थिव देह को आम लोगों के अंतिम दर्शन के लिए सैफई महोत्सव पंडाल में मंगलवार सुबह ले जाया जाएगा। दोपहर को अंतिम संस्कार होगा। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *