भारत और ओमान के बीच सीईपीए समझौता लागू, दोनों देशों के बिजनेस को मिलेगी नई रफ्तार - Sahet Mahet

भारत और ओमान के बीच सीईपीए समझौता लागू, दोनों देशों के बिजनेस को मिलेगी नई रफ्तार


नयी दिल्ली | वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भारत और ओमान के बीच मुक्त व्यापार समझौते के सोमवार से लागू होने को दोनों देशों के संबंधों में एक नये अध्याय की शुरुआत बताया। गोयल ने सोशल मीडिया पर कहा, आज से भारत-ओमान व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौता (सीईपीए) लागू हो रहा है, और मैं इस बारे में लिख रहा हूँ कि यह समझौता दोनों देशों के बीच आर्थिक और रणनीतिक संबंधों को कैसे और मजबूत करेगा। वाणिज्य मंत्री ने कहा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के भारत की वैश्विक व्यापार साझेदारी को विस्तार देने के दृष्टिकोण से प्रेरित यह समझौता नए बाजार खोलकर, निर्यात बढ़ाकर, निवेश आकर्षित करके और रोजगार सृजन में तेजी लाकर भारत के छात्रों, कारीगरों, महिलाओं, किसानों, मछुआरों और लघु एवं मध्यम उद्यमों को महत्वपूर्ण रूप से लाभ पहुंचाएगा।

गौरतलब है कि दोनों देशों ने पिछले वर्ष दिसंबर में इस समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। यह समझौता ऐसे समय प्रभावी हो रहा है जब खाड़ी क्षेत्र में संघर्ष की स्थिति के कारण क्षेत्र के देशों के साथ भारत का व्यापार प्रभावित हुआ है। ओमान छोटा देश है और वहां की आबादी 55 लाख तथा सकल घरेलू उत्पाद 110 अरब डॉलर का है इसलिए भारत और ओमान के उपेक्षित व्यापार का स्तर आबादी और अर्थव्यवस्था की सीमाओं में रहने की संभावना है। भारत और ओमान के बीच 2024 25 में द्विपक्षीय व्यापार 10.61 अरब डॉलर के बराबर था। द्विपक्षीय समझौते के तहत भारत को ओमान के बाजार में अपनी निर्यात सूची की 98. 08 प्रतिशत वस्तुओं पर शुल्क में शत प्रतिशत छूट मिलेगी। इससे इंजीनियरिंग, औषधि समुद्री उत्पाद, कपड़ा ,रसायन, इलेक्ट्रॉनिक्स, प्लास्टिक और रत्न -आभूषण क्षेत्र को फायदा मिलने की संभावना है। सरकार ने इस समझौते के तहत श्रम गहन घरेलू क्षेत्र के हितों को ध्यान में रखा है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *