BJP उपाध्यक्ष पूजा पाल का सपा मुखिया अखिलेश यादव पर गंभीर आरोप, सिर्फ यादव और मुस्लिम की चिंता

कौशांबी जिले के चायल से विधायक पूजा पाल को बीते दिनों भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश का उपाध्यक्ष बनाया गया। पूजा पाल उसके बाद से सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हो गई हैं और एक्स हैंडिल से लगातार विपक्षी दलों पर हमला बोल रही हैं। उनका सर्वाधिक हमला समाजवादी पार्टी पर है।

बसपा के बाद समाजवादी पार्टी से होकर भाजपा में शामिल हुई पूजा पाल ने शनिवार को समाजवादी पार्टी से उनके बाहर होने का कारण बताया। पूजा पाल ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के लिए लिखा कि मैंने सीएम योगी आदित्यनाथ और उनकी सरकार को धन्यवाद दिया तो आपने पार्टी से निकाल दिया।

भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष बनीं पूजा पाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि श्री अखिलेश यादव जी, आज आप किस अधिकार से पिछड़ों और महिलाओं की बात करते हैं। मैं पिछड़ा वर्ग पाल समाज से हूं, एक महिला हूं और आपकी ही पार्टी से विधायक भी रही। मेरे पति का हत्यारा जब मिट्टी में मिला और मैंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं उनकी सरकार को धन्यवाद दिया तो आपने मुझे पार्टी से निकाल दिया।

पूजा पाल ने अखिलेश यादव पर गंभीर आरोप लगाया और कहा कि आप सिर्फ हम गैर यादव पिछड़ी जातियों के शोषक हैं। आपके चाचा राम गोपाल यादव ने कहा कि अतीक अहमद को मारने वालों को सत्ता में लौटने पर सजा मिलेगी, हम वक्त का इंतजार कर रहे हैं। आपने एक बार भी उनके इस बयान खिलाफ कुछ नहीं कहा, मौन रहे।

उन्होंने कहा कि श्री अखिलेश यादव जी, सही मायने में कहूं तो आपको सिर्फ यादव और मुस्लिम की चिंता है। गैर यादव ओबीसी की किसी अन्य जाति के लोगों से आपका कोई लेना देना नहीं है। आप सिर्फ और सिर्फ हम गैर यादव पिछड़ी जातियों के शोषक हैं।

अंत में एक प्रश्न है आपसे! मैंने जो झेला प्रभु श्रीराम न करें लेकिन फिर भी अगर वैसी ही घटना आपके परिवार के किसी महिला के साथ हो जाती तो आप क्या करते। सरकार अगर हत्यारों को मिट्टी में मिला देती तो आप क्या कहते। श्री अखिलेश यादव जी आपके जवाब का इंतजार रहेगा।पूजा पाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए कहा था कि उनकी सरकार में महिलाओं पर होने वाले अत्याचार पर जीरो टॉलरेंस है और यही वजह है कि अतीक अहमद आज मिट्टी में मिल गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button