उत्तर प्रदेश में बेटियां सुरक्षित… प्रधानमंत्री मोदी बोले, योगी जी को कहिए धन्यवाद

देश के प्रधानमंत्री सामने थे और हिचक मन से कोसों दूर। बेटियों ने प्रधानमंत्री से संवाद किया। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना प्रस्तुत करते हुए बेटियों का उत्साहवर्धन किया। कहा, आप प्रशिक्षण लेने के बाद नौकरी देने वालीं मातृ शक्ति बनें। विकसित भारत 2047 की परिकल्पना तभी साकार होगी।

प्रधानमंत्री रविवार को मिर्जामुराद में अरविंद मिल्स की इकाई के उद्घाटन के बाद वहां कार्यरत 24 प्रशिक्षु महिलाओं-युवतियों संग संवाद कर रहे थे। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी वहां मौजूद थे। इस दौरान गोरखपुर की खुशबू पाल ने उत्तर प्रदेश में महिला सुरक्षा की जीवंत तस्वीर पेश की। कहा, एक माह से यहां पर हूं।

स्किल डेवलप कर रही हूं। घर जाती हूं तो अन्य लड़कियां भी कहती हैं कि मुझे भी चलना है। वह सब आने को लालायित हैं। उनके मां-बाप भी तैयार हैं। क्योंकि बेटियां अब उत्तर प्रदेश में कहीं भी जाकर नौकरी कर सकती हैं। अकेले रह सकती हैं, कोई डर नहीं है। इस पर प्रधानमंत्री ने कहा कि इसके लिए योगी जी को धन्यवाद कहिए।

सुझाव दिया कि काम के बाद जब घर जाइए तो पेन-कापी लेकर कपड़े का नया डिजाइन बनाइए। यह नया आइडिया आपको आत्मनिर्भर बनाएगा क्योंकि आपको परिवार और देश को आगे ले जाना है। प्रधानमंत्री ने गोरखपुर, वाराणसी, अहमदाबाद की बेटियों से उनके सपने पूछे। किसी ने खुद को मैनेजर की पोस्ट तक जाना लक्ष्य बताया तो किसी ने खुद व्यापार करने की बात कही।

इस पर प्रधानमंत्री ने कहा कि कभी भी किसी एक चीज पर निर्भर मत रहिए। नौकरी से ज्यादा जरूरी है अपने स्टार्टअप के जरिए रोजगार देने वाली बनें। कहा, अभी तक बनारस का कपड़ा विदेश जाता था लेकिन अब यहां का गारमेंट भूटान व जापान जाएगा। बनारस के आरती देवी से पीएम ने पूछा बदलता बनारस कैसा लग रहा। आरती ने विकास की कहानी बतायी तो पीएम बोले अभी तो बहुत कुछ करना है।

एक महिलाकर्मी से पीएम ने पूछा, कमल का मतलब जानती हैं तो उसने कहा यह तो चुनाव चिह्न है। पीएम ने कहा कि अरविंद और कमल भी तो एक ही है। पीएम ने कहा आपको बुरा तो नहीं लगा कि आज संडे है और यहां आना पड़ा। इस पर सबने एक साथ कहा यह तो खुशी की बात है। आपने यहां इतनी बड़ी फैक्ट्री लगवा दिया। बेटियों का भविष्य संवार दिया। इसी प्रकार सविता, खुशी श्रीवास्तव, अलका, शताक्षी मिश्रा ने भी पीएम से बात की।

अरविंद मिल्स में पीएम ने बांसुरी वादक छात्र सत्यम चक्रवाल से नाम पूछा। छात्र ने जैसे ही कहा सर, माई नेम इज… तभी पीएम ने हंसते हुए टोका, कहा राष्ट्र भाषा नहीं आती है…। इस पर छात्र ने हिंदी में पीएम से वार्तालाप किया। पीएम अरविंद मिल्स का अवलोकन कर रहे थे। यहां कपड़ों के विभिन्न ब्रांड की प्रदर्शनी लगी थी। मुख्य द्वार पर चरखे की डोर भविष्य की ओर… थीम के साथ चरखा बनाकर होर्डिंग लगाए गए थे, जिसे प्रधानमंत्री ने क्षण भर रुक कर गौर से निहारा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button