
ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आगामी 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने जा रहे ‘उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो’ के चौथे संस्करण को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों के नाम एक भावपूर्ण पाती (पत्र) लिखी है। अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के युवाओं, विद्यार्थियों, नवोदित उद्यमियों और व्यापारियों से इस वैश्विक मंच का भरपूर लाभ उठाने और ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है।
मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि जब प्रदेश में डबल इंजन की सरकार बनी, तब सबसे पहली प्राथमिकता रोजगार सृजन की थी। उत्तर प्रदेश को ‘बीमारू प्रदेश’ की छवि से बाहर निकालकर ‘उत्सव प्रदेश’ और विकास के पथ पर अग्रसर बनाना एक बड़ी चुनौती थी।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की दूरदर्शी नीतियों, ‘एक जनपद-एक उत्पाद’ (ODOP) योजना और MSME सेक्टर को दिए गए प्रोत्साहन का ही परिणाम है कि आज प्रदेश में 4 करोड़ से अधिक रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं। ODOP की अभूतपूर्व सफलता से प्रेरित होकर राज्य सरकार ने अब ‘एक ग्राम पंचायत-एक उत्पाद’ (ODOC) जैसी नई पहल भी शुरू की है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था का प्रमुख ‘ग्रोथ इंजन’ बन चुका है। उत्तर प्रदेश की भागीदारी देश के कुल निर्यात में अब 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो चुकी है।यूपी में देश-विदेश से निवेशक आ रहे हैं और राज्य का निवेश लक्ष्य 15 लाख करोड़ रुपये को पार कर चुका है। साल 2023 में शुरू हुआ ‘यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो’ स्थानीय उत्पादों, कारीगरों और उद्यमियों को सीधे वैश्विक खरीदारों से जोड़ने का एक मजबूत माध्यम बन गया है।
मुख्यमंत्री ने पत्र के माध्यम से युवाओं, छात्रों और भावी उद्यमियों का आह्वान किया कि वे ट्रेड शो में पहुंचकर नए संपर्कों, नए बाजारों और अपनी प्रतिभा के अनुरूप अवसरों की तलाश करें।
सीएम योगी ने संदेश दिया- आपके प्रयासों से ही हमारी स्थानीय सामर्थ्य वैश्विक बाजार तक पहुंचेगी। उद्यमिता के प्रति जागरूकता बढ़ाकर अपने आसपास उपलब्ध अवसरों को पहचानें और उत्तर प्रदेश को आत्मनिर्भर व विकसित बनाने के संकल्प को पूरा करें।




