
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार प्रदेश की विद्युत व्यवस्था को आधुनिक, मजबूत और अधिक विश्वसनीय बनाने की दिशा में बड़े स्तर पर काम कर रही है। इसी क्रम में ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में वित्तीय वर्ष 2026-27 के अतिरिक्त बिजनेस प्लान के तहत व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके माध्यम से प्रदेश में विद्युत आधारभूत ढांचे का विस्तार करने के साथ ही मौजूदा वितरण नेटवर्क की क्षमता बढ़ाने और उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया गया है।
302 मौजूदा उपकेंद्रों और 12,528 डीटी उपकेंद्रों की बढ़ेगी क्षमता
प्रमुख सचिव ऊर्जा एवं उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन के अध्यक्ष रणवीर प्रसाद ने बताया कि योजना के तहत प्रदेश में 95 नए 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्रों का निर्माण कराया जाएगा, जिस पर 221.01 करोड़ रुपये खर्च होंगे। वहीं, 302 मौजूदा उपकेंद्रों की क्षमता वृद्धि के लिए 76.64 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा विद्युत वितरण नेटवर्क को मजबूत करने के लिए 12,528 मौजूदा डीटी उपकेंद्रों की क्षमता बढ़ाने पर 746.68 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
33 केवी की नई लाइनों और बे निर्माण के 638 कार्यों पर 748.62 करोड़ रुपये खर्च होंगे
योजना के तहत 33 केवी की नई लाइनों एवं बे निर्माण के 638 कार्यों पर 748.62 करोड़ रुपये तथा 33 केवी लाइनों के सुदृढ़ीकरण के 949 कार्यों पर 400.73 करोड़ रुपये का खर्च प्रस्तावित है। वहीं, 11 केवी विद्युत लाइनों के निर्माण एवं विभक्तिकरण के 32,354 कार्यों पर 780.44 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त 33 केवी लिंक लाइनों एवं बे के निर्माण के 339 कार्यों पर 93.29 करोड़ रुपये, औद्योगिक फीडरों से संबंधित 134 कार्यों पर 41.99 करोड़ रुपये तथा 33 केवी लाइन क्रॉसिंग के 390 कार्यों पर 28.94 करोड़ रुपये व्यय किए जाने का प्रस्ताव है।
ग्रामीण और शहरी उपभोक्ताओं को मिलेगी गुणवत्तापूर्ण आपूर्ति
यूपीपीसीएल अध्यक्ष रणवीर प्रसाद ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप प्रदेश में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को लगातार बेहतर बनाने के लिए ऊर्जा विभाग द्वारा सुनियोजित ढंग से आधारभूत ढांचे का विस्तार किया जा रहा है। यह कार्ययोजना प्रदेश की बढ़ती विद्युत मांग को ध्यान में रखते हुए बनाई गई है।
इसके प्रभावी क्रियान्वयन से विद्युत वितरण प्रणाली की क्षमता बढ़ेगी, तकनीकी बाधाओं में कमी आएगी तथा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में उपभोक्ताओं को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। यह कार्ययोजना पूर्वांचल, मध्यांचल, दक्षिणांचल, पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगमों एवं केस्को की क्षेत्रीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार की गई है।




