
उत्तर प्रदेश में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने के लिए 100 रेलवे स्टेशन, 100 बस स्टेशन और पांच हवाई अड्डों पर मुख्यमंत्री महिला उत्पाद विपणन केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अधिकारियों को केंद्रों की स्थापना के लिए जल्द प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
अपने सरकारी आवास पर रविवार को उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा के दौरान उपमुख्यमंत्री ने योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।

उन्होंने तीन करोड़ महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने और एक करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने के लक्ष्य को मिशन मोड में पूरा करने को कहा। उन्होंने बताया कि प्रदेश में ब्लाक स्तर पर 543 प्रेरणा सरल स्टोर स्थापित किए गए हैं।
वहीं, तीन हजार से अधिक महिला उत्पादों को ऑनलाइन और ऑफलाइन विपणन प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया है। उन्होंने इन उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने ड्रोन दीदी योजना की समीक्षा में बताया कि 75 जिलों में 11,81,660 हेक्टेयर क्षेत्र के लिए ड्रोन सखियों का चयन किया गया है। प्रथम चरण में 114 ड्रोन उपलब्ध कराए गए हैं।
उपमुख्यमंत्री ने ड्रोन तकनीक के जरिए खेती की लागत कम करने, रासायनिक उर्वरकों का उपयोग घटाने और जैविक खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने टेक होम राशन योजना को सभी 75 जिलों में शीघ्र विस्तार देने तथा दुग्ध उत्पादन, मधुमक्खी पालन और मत्स्य पालन से अधिक महिलाओं को जोड़ने के निर्देश भी दिए।




