
बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर होने वाले चुनाव (Bihar MLC Election 2026) में प्रदेश कांग्रेस ने हाईकमान के निर्देश के बाद अपने कदम पीछे खींच लिए हैं। अब बिहार कांग्रेस विधान परिषद की आठ में से सिर्फ एक सीट पर चुनाव मैदान में उतरेगी।
यह सीट है दरभंगा (शिक्षक)। यहां से पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा सीटिंग विधान पार्षद हैं। हालांकि, प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व की ओर से अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
विधान परिषद की रिक्त होने वाली आठ सीटों पर चुनाव की चर्चा शुरू होने के साथ ही राजद ने छह सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी थी।

राजद के प्रत्याशी
राजद के घोषित उम्मीदवारों में पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. संजीव कुमार सिंह, पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से दिलीप कुमार, कोसी स्नातक से नितेश कुमार, दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से अनिल कुमार झा, सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से प्रो. जयराम यादव और तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. रश्मि विनायक गौतम हैं।
दरभंगा शिक्षक और तिरहुत शिक्षक सीट पर अभी राजद ने प्रत्याशी घोषित नहीं किया है। राजद ने सीटों के बंटवारे को लेकर सहयोगी दलों के साथ बिना कोई सलाह मशविरा किए उम्मीदवारों के नाम एलान किए। जिसके बाद नाराज कांग्रेस के प्रदेश नेतृत्व ने आठों सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की।
पार्टी की ओर से दावा किया गया कि उम्मीदवारों का चयन करते हुए नाम हाईकमान को भेज भी दिए गए। अब यह खबर सामने आ रही है कि कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने प्रदेश संगठन को स्पष्ट संदेश दिया है कि राजद के साथ गठबंधन बनाए रखें। यह समय की मांग है।
मदन मोहन झा को हरी झंडी
केंद्रीय नेतृत्व की हिदायत है कि बिहार में भाजपा को रोकने के लिए राजद व अन्य सहयोगी दलों का साथ आवश्यक है। हालांकि, प्रदेश नेतृत्व को हिदायत देने के साथ ही हाईकमान ने मदन मोहन झा को दरभंगा शिक्षक सीट से चुनाव लड़ने की हरी झंडी जरूर दे दी है।
अब यह करीब-करीब तय माना जा रहा है कि कांग्रेस विधान परिषद चुनाव में सिर्फ दरभंगा शिक्षक सीट पर किस्तम आजमाएगी।
इधर, कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता असितनाथ तिवारी ने कहा कि हमारी सभी सीटों पर तैयारी है। आलाकमान का जो निर्देश होगा उसी अनुरूप काम होगा। हालांकि, उन्होंने दावा किया दरभंगा शिक्षक कांग्रेस की पारंपरिक सीट है। इस पर चुनाव लड़ना तय है। वैसी भी राजद ने इस सीट से कोई उम्मीदवार नहीं दिया है।




