
ग्रेस नेता राहुल गांधी ने चेतावनी दी है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बनाया गया आर्थिक ढांचा ढहने वाला है। इसका सबसे भारी नुकसान आम लोगों को उठाना पड़ेगा। पांच दिनों में दूसरी बार पेट्रोलियम की कीमतें बढ़ाए जाने के बाद केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर हमला बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि भारत एक अभूतपूर्व ‘ आर्थिक तूफान ‘ के कगार पर खड़ा है।
उत्तर प्रदेश के रायबरेली में मंगलवार को राहुल गांधी ने पत्रकारों से कहा कि मोदी सरकार ने जो आर्थिक ढांचा अरबपति उद्योगपतियों के पक्ष में खड़ा किया है उसका ढहना तय है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बनाया गया आर्थिक ढांचा ढह जाएगा और इसका सबसे बुरा असर आम लोगों पर पड़ेगा।
मोदी जी का इकानॉमी का स्ट्रक्चर खड़ा नहीं रहेगा

राहुल गांधी ने कहा, ‘मोदी जी ने जो इकानॉमी का स्ट्रक्चर बदला है, अब आर्थिक तूफान आ रहा है। उन्होंने जो स्ट्रक्चर बनाया है, अदानी-अंबानी वाला, वह अब खड़ा नहीं रहेगा, पूरा का पूरा टूटेगा। दुख की बात है कि नुकसान आम जनता को होगा। मतलब वे अपने महलों में बैठे रहेंगे, और यूपी के जो युवा हैं, जनता है, उनको पूरा का पूरा शॉक लगेगा।’
आ रहा है बहुत अधिक कठिन समय
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि, ‘जो आर्थिक शॉक आ रहा है, वो अदानी, अंबानी को नहीं लगेगा, मोदी को नहीं लगेगा, उत्तर प्रदेश और देश के युवाओं को, किसानों को, मजदूरों को, छोटे बिजनेस वालों को लगेगा। यह ऐसे लगने वाला है जो शायद बहुत सालों में नहीं हुआ। बहुत, बहुत कठिन समय आ रहा है।’
उन्होंने कहा कि, ‘एक्शन लेने के बजाय नरेंद्र मोदी देश से कह रहे हैं कि फॉरेन ट्रिप पर मत जाओ, और नरेंद्र मोदी दुनिया का चक्कर काट रहे हैं। यह हालत है।’




