
राममंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण में फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद जेल में निरुद्ध आठों आरोपियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। इस संबंध में आरोपियों का बयान पुन: दर्ज कराने के लिए सोमवार को विवेचक पुलिस क्षेत्राधिकारी ने विशेष न्यायाधीश भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम रजत वर्मा के समक्ष अर्जी दी थी। न्यायालय ने इस अर्जी को स्वीकार कर लिया है।
विवेचना के दौरान कथित तौर पर आरोपियों के कब्जे से बरामद की गई नगदी, सिक्के, आभूषण व अन्य सामग्रियों को फॉरेंसिक जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया था। इसकी रिपोर्ट पुलिस का प्राप्त हो गई है।
फॉरेंसिक रिपोर्ट के बारे में पुलिस ने अभी कोई खुलासा नहीं किया है। माना जा रहा है कि यह रिपोर्ट आरोपियों के विरुद्ध अहम साक्ष्य साबित हो सकते हैं। आरोपियों का बयान विवेचना को नई दिशा दे सकता है। इससे नए साक्ष्य सामने आ सकते हैं। इसी प्रकरण में आरोपियों को कुछ दिनों पूर्व झटका लगा था।

गलत धाराओं में गिरफ्तारी, रिमांड व बरामदगी पर सवाल खड़ा करते हुए दी गई आरोपियों की अर्जी को न्यायालय ने निरस्त कर दिया था।
सभी आरोपित 18 सितंबर तक न्यायिक हिरासत में जेल में निरुद्ध हैं। सभी की जमानत अर्जी विशेष न्यायाधीश भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम रजत वर्मा के समक्ष विचाराधीन है।




