
नई दिल्ली में संसद के मानसून सत्र के दौरान संसद भवन के बाहर भगवा वस्त्र पहनकर नाटक करने वाले सांसद पप्पू यादव का उत्तर प्रदेश में जमकर विरोध हो रहा है। बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव इस कृत्य के खिलाफ दिल्ली के जहांगीरपुरी थाने में केस दर्ज करने के लिए पत्र दिया गया है तो उत्तर प्रदेश के कई शहरों में इनकी निंदा की जा रही है।
लखनऊ के हजरतगंज में सनातन रक्षा संगठन के सदस्यों ने निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की शव यात्रा निकाल कर पुतला फूंका। सनातन विरोधी बयान देने का आरोप लगाकर शनिवार को सांसद पप्पू यादव का पुतला फूंका गया। विश्व हिंदू रक्षा परिषद ने गोमती नगर में अपने कार्यालय के बाहर पप्पू यादव के खिलाफ प्रदर्शन किया।
विश्व हिंदू रक्षा परिषद ने पप्पू यादव पर सनातन विरोधी बयान देने का आरोप लगाया है। परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय ने कहा कि सनातन धर्म, साधु-संतों और धार्मिक परंपराओं के प्रति अपमानजनक टिप्पणियां किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएंगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि पप्पू यादव का कृत्य संत समाज और भगवा वस्त्र की गरिमा पर प्रश्न उठाना करोड़ों सनातनियों की आस्था और भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है। गोपाल राय ने कहा कि पप्पू यादव ने जो कुर्ता पहना था, उस पर राम मंदिर का चित्र अंकित था। उन्होंने कहा कि जिनके हाथ पाप और गलत कार्यों से सने हों, उनका भगवान के पवित्र मंदिर को अपने वस्त्र पर धारण करना सनातन समाज की भावनाओं को आहत करने वाला है।

वाराणसी में पुलिस से शिकायत
सनातन धर्म के खिलाफ सांसद पप्पू यादव के कृत्य की वाराणसी में पुलिस से शिकायत की गई है और काशी जोन के डीसीपी को कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर रही है। वाराणसी के संतो ने पप्पू यादव पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। दर्जनों की संख्या में संतों ने डीसीपी को एक तहरीर दी है।
गौरतलब है कि पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव के खिलाफ धार्मिक भावना आहत करने के आरोप में दिल्ली के जहांगीरपुरी थाने में शिकायत दर्ज हुई है। शिकायतकर्ता सूर्या मैथिल ने शिकायत में कहा है कि पप्पू यादव ने सनातनियों की भावनाएं आहत की हैं। याचिकाकर्ता ने पुलिस से जल्द एक्शन लेने की मांग की है।




