
जालौन । जालौन जिले के उरई कोतवाली थाना क्षेत्र में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर एक छोटे ट्रक के एक अन्य ट्रक से टकरा जाने से दो लोगों की मौत हो गई और दो अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस क्षेत्राधिकारी राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि यह हादसा बृहस्पतिवार देर रात करीब 12.45 बजे उरई कोतवाली थाना क्षेत्र में कैथेरी टोल प्लाजा के पास हुआ। उन्होंने बताया कि खजूर से लदा डीसीएम ट्रक चरखारी से संभल जा रहा था, तभी वह अपने आगे चल रहे एक अन्य ट्रक से टकरा गया।

सीओ ने बताया कि इस टक्कर के कारण डीसीएम का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। घायलों की पहचान अलीगढ़ जिले के जुझारपुर गांव के रहने वाले चालक विष्णु यादव और संभल जिले के बिलाल पथ गांव निवासी बबलू के तौर पर हुई है।
पुलिस ने बताया कि दोनों का उरई के सरकारी मेडिकल कॉलेज में इलाज किया जा रहा है। उसने बताया कि वाहन में सवार दो अन्य लोगों- अलीगढ़ के जुझारपुर निवासी नितेश और संभल के बिलाल पथ निवासी मोहिन- को गंभीर चोटें आई थीं और उन्हें मेडिकल कॉलेज ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस और उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य किया। क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटा दिया गया है और एक्सप्रेसवे पर यातायात बहाल कर दिया गया है। पुलिस ने बताया कि हताहतों के परिवारों को हादसे के बारे में सूचित कर दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




