बिना आंख की सर्जरी किये आयुष्मान भारत योजना से राशि की निकासी कर लेने का मामला आया सामने

रोहतास | राहुल मिश्रा| सासाराम में प्रधानमंत्री के महत्वकांक्षी आयुष्मान भारत योजना में गड़बड़ी की लगातार शिकायत आ रही हैं। ताजा मामला सासाराम के एक आई हॉस्पिटल से जुड़ा हुआ है। जहां लोगों का बिना आंख के सर्जरी किये आयुष्मान भारत योजना से राशि की निकासी कर लेने का मामला सामने आया है। इस संबंध में आयुष मंत्रालय से इसकी शिकायत की गयी है। जिसके बाद स्वास्थ्य महकमा में हड़कंप मच गया। राज्य स्वास्थ्य समिति ने इसको लेकर अस्पताल को नोटिस जारी की है। जिसमें सासाराम के ‘निर्वाणा आई हॉस्पिटल’ को नोटिस देकर पूछा गया है कि क्यों नहीं आप पर कार्यवाही की जाये? शिकायत मिली है कि ‘आयुष्मान भारत योजना’ के तहत कई मरीजों का बिना इलाज किये ही उसके योजना मद से राशि की निकासी अस्पताल द्वारा कर ली गयी है। आरोप यह भी है कि कई अस्पतालों ने तो अपने कर्मचारियों के आयुष्मान भारत के कार्ड में भी इलाज दिखा कर फर्जीवाड़ा किया है तथा पैसे की निकासी की गयी है। राज्य स्वास्थ्य समिति के निर्देश पर जिला स्वास्थ समिति जांच भी कर रही है। नोटिस जारी होते ही योजना मद में फर्जीवाड़ा करने वालों के बीच हड़कंप की स्थिति हो गयी है। आरोप यह भी है कि दूसरे के आयुष्मान कार्ड पर भी दूसरे का इलाज कर पैसे की निकासी हुई है। निर्वाणा अस्पताल के चिकित्सक डॉ. अरविंद कुमार का कहना है कि उनके द्वारा पूरी पारदर्शिता बरती गयी है। उन्होंने नोटिस का जवाब भी दिया है। फिर भी उन्हें दोबारा नोटिस भेजा गया है। शिकायतकर्ता हाई कोर्ट के अधिवक्ता रवि कुमार सिंह ने बताया कि जल्द ही इसके लिए पीआईएल दायर करेंगे। उन्होंने आयुष मंत्रालय के अलावा आयुष्मान योजना को देख रहे तमाम अधिकारियों को पत्र लिखकर मामले की जांच कराने की मांग की है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सासाराम के सिविल सर्जन डॉ. सुधीर कुमार ने कहा है कि वह खुद इस पूरे मामले पर निगाह बनाये हुए हैं। प्रक्रिया के अनुसार जैसे ही विभागीय कागजात उन तक पहुंचेगी वह खुद अपने स्तर से जांच करेंगे। ‘आयुष्मान भारत योजना’ गरीबों को मुफ्त इलाज के लिए वरदान है। लेकिन बिचौलियों तथा दलालों के कारण सासाराम में इस योजना में भी ग्रहण लगता दिख रहा हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button