Coronavirus Update – देश ने कोविड-19 के मामले में 33 लाख के आंकड़े को किया पार

भारत में कोविड-19 के मामले 33 लाख के आंकड़े को पार कर चुके हैं। गुरुवार को कोरोना संक्रमण के मामलों में अब तक की सबसे बड़ी उछाल सामने आई है। गुरुवार को 75,760 नए मामले सामने आए। लेकिन अच्छी बात यह है कि संक्रमण से स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या 25 लाख से ज्यादा हो गई है और जांच में तेजी आई है। 

गुरुवार सुबह अद्यतन किए गए आंकड़े के अनुसार, पिछले 24 घंटे में 1,023 लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 60,472 हो गई है। देश में संक्रमण के मामले बढ़कर 33,10,235 हो गए हैं, जिनमें से 7,25,991 लोगों का उपचार चल रहा है और 25,23,772 लोग उपचार के बाद इस बीमारी से उबर चुके हैं। संक्रमण के कुल मामलों में विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। 

आंकड़ों के अनुसार मरीजों के स्वस्थ होने की दर 76.24 फीसदी हो गई है जबकि मृत्यु दर में गिरावट आई है और यह 1.83 फीसदी है। वहीं, 21.93 फीसदी मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।

पिछले 24 घंटे में नौ लाख से ज्यादा नमूनों की जांच
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की ओर से जारी आंकड़े के मुताबिक, देशभर में 26 अगस्त तक कुल 3,85,76,510 नमूनों की जांच की गई, जिनमें से बुधवार को एक दिन में 9,24,998 नमूनों की जांच की गई। 

बता दें कि भारत में सात अगस्त को संक्रमित लोगों की संख्या 20 लाख के पार हुई थी और 23 अगस्त को यह 30 लाख के पार हो गई थी।

पिछले 24 घंटे में कुल 1,023 लोगों की मौत हुई है। इनमें से महाराष्ट्र में 295, कर्नाटक में 133, तमिलनाडु में 118, उत्तर प्रदेश में 90, आंध्र प्रदेश में 81, पश्चिम बंगाल में 55, पंजाब में 41, जम्मू-कश्मीर में 19, मध्यप्रदेश, दिल्ली और गुजरात में 17-17, झारखंड में 15, असम में 14, ओडिशा और केरल में 13-13, राजस्थान में 12, बिहार और हरियाणा में 11-11 लोगों की मौत हुई।

वहीं छत्तीसगढ़ में 10, गोवा, पुदुचेरी और तेलंगाना में आठ-आठ, उत्तराखंड में छह, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में चार, त्रिपुरा और हिमाचल प्रदेश में दो-दो जबकि चंडीगढ़, लद्दाख और मणिपुर में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई।

अब तक कुल 60,472 लोगों की मौत हो चुकी है, जिसमें से सबसे ज्यादा 23,089 लोगों की मौत महाराष्ट्र में हुई। वहीं तमिलनाडु में 6,839, कर्नाटक में 5,091, दिल्ली में 4,347, आंध्र प्रदेश में 3,541 उत्तर प्रदेश में 3,149, पश्चिम बंगाल में 2,964, गुजरात में 2,945 और मध्यप्रदेश में 1,282 लोगों की मौत हुई।

अब तक पंजाब में 1,219 लोगों की मौत हुई। इसके बाद राजस्थान में 992, तेलंगाना में 788, जम्मू-कश्मीर में 657, हरियाणा में 634, बिहार में 530, ओडिशा में 441, झारखंड में 362, असम में 274, केरल में 257 और उत्तराखंड में 219 लोगों की मौत हुई।

छत्तीसगढ़ में 231, पुदुचेरी में 180, गोवा में 165, त्रिपुरा में 85, चंडीगढ़ और अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में 41-41, हिमाचल प्रदेश में 32, लद्दाख और मणिपुर में 25-25, नगालैंड में नौ, मेघालय में आठ, अरुणाचल प्रदेश में पांच, सिक्किम में तीन और दादरा और नगर हवेली तथा दमन-दीव में दो-दो लोगों की मौत हुई। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि मृतकों में से 70 फीसदी किसी अन्य बीमारी से भी ग्रसित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button