ग्लोबल ब्रांड्स की पहली पसंद बना यूपी, सेमीकंडक्टर और ग्रीन एनर्जी में HCL-Foxconn और Avada का बड़ा दांव.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आज देश के सबसे तेजी से उभरते मैन्युफैक्चरिंग और निवेश हब के रूप में स्थापित हो चुका है। उद्योग-अनुकूल नीतियों, पारदर्शी शासन, एक्सप्रेसवे नेटवर्क और सुदृढ़ लॉजिस्टिक्स के चलते राज्य अब देश-विदेश की दिग्गज कंपनियों की पहली पसंद बन गया है। इसी उद्योग-अनुकूल माहौल का परिणाम है कि एचसीएल-फॉक्सकॉन, अवाडा इलेक्ट्रो, एंबर एंटरप्राइजेज और एसएईएल सोलर जैसी 8 बड़ी कंपनियों ने गौतम बुद्ध नगर में 45,000 करोड़ से अधिक का निवेश करने का निर्णय लिया है। इस मेगा निवेश से प्रदेश में 25,000 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार सृजित होंगे।

एफडीआई से लेकर सेमीकंडक्टर पॉलिसी तक

उत्तर प्रदेश की औद्योगिक निवेश एवं रोजगार प्रोत्साहन (IIEP) नीति-2022, एफडीआई/एफसीआई नीति-2023 और सेमीकंडक्टर नीति-2024 ने वैश्विक निवेशकों के बीच एक अभूतपूर्व विश्वास पैदा किया है। इन 8 मेगा परियोजनाओं में से 6 को IIEP-2022 के तहत वित्तीय सहायता प्रदान की गई है। वहीं, एसेंट के सर्किट को एफडीआई नीति-2023 और एचसीएल-फॉक्सकॉन (इंडिया चिप प्रा. लि.) को राज्य की विशेष सेमीकंडक्टर नीति-2024 के तहत विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है, जिससे परियोजनाओं को त्वरित मंजूरी और बेहतर माहौल मिल रहा है।

Green Energy में रिकॉर्ड 32000 करोड़ से अधिक का निवेश

प्रदेश में स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा विनिर्माण को बढ़ावा देने के लिए कंपनियों ने बड़ा दांव लगाया है। ‘अवाडा इलेक्ट्रो लिमिटेड’ ग्रीन एनर्जी सेक्टर में 16,139 करोड़ का भारी-भरकम निवेश करने जा रही है, जिससे लगभग 7,400 नौकरियों का सृजन होगा। इसी क्रम में ‘एसएईएल सोलर’ 8,000 करोड़ का निवेश कर 7,760 युवाओं को रोजगार देगी। इसके अलावा ‘ओरियाना पावर’ (4,500 करोड़) और ‘सीईएससी ग्रीन पावर’ (3,805 करोड़) के निवेश से यूपी का ग्रीन एनर्जी इकोसिस्टम देश में शीर्ष स्थान पर पहुंचेगा।

सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर को मिली नई ताकत

उत्तर प्रदेश अब पारंपरिक उद्योगों से आगे निकलकर हाईटेक इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर निर्माण का भी राष्ट्रीय केंद्र बन रहा है। राज्य की सेमीकंडक्टर नीति के तहत ‘एचसीएल-फॉक्सकॉन’ (इंडिया चिप प्रा. लि.) 3,706 करोड़ के निवेश से अपनी चिप विनिर्माण इकाई लगा रही है, जिससे 3,000 युवाओं को रोजगार मिलेगा। इसके साथ ही ‘एसेंट के सर्किट’ 3,250 करोड़ का निवेश कर इलेक्ट्रॉनिक्स वैल्यू चेन को मजबूत करेगी। वहीं, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण में ‘एंबर एंटरप्राइजेज’ (3,232 करोड़) और ‘आईबी सोलर’ (3,000 करोड़) के निवेश से कुल 6,200 नए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य की ओर मजबूत कदम

गौतम बुद्ध नगर में हो रहा यह बड़ा निवेश केवल औद्योगिक इकाइयां लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उत्तर प्रदेश के विकास मॉडल पर अंतरराष्ट्रीय उद्योग जगत के गहरे भरोसे का प्रमाण है। आधुनिक एक्सप्रेसवे, डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर, लॉजिस्टिक्स पार्क और पारदर्शी सिंगल-विंडो सिस्टम के कारण स्थानीय एमएसएमई (MSME) सेक्टर को नई ऊर्जा मिलेगी और स्थानीय आपूर्ति श्रृंखला बेहद मजबूत होगी। यह मेगा निवेश उत्तर प्रदेश को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के संकल्प को सिद्ध करने में निर्णायक भूमिका निभाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button