गुजरात: महाष्टमी पर पीएम का गुजरात को बड़ा तोहफा, गिरनार रोप-वे का किया उद्घाटन

गुजरात। देश के पीएम नरेंद्र मोदी ने महाष्टमी के मौके पर गुजरात को बड़ा तोहफा दिया। उन्होंने गुजरात के लिए तीन परियोजनाओं का लोकार्पण किया। पीएम ने दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए गिरनार रोप-वे का उद्घाटन किया है। उन्होंने गुजरात के किसानों के लिए किसान सूर्योदय योजना की शुरुआत भी की है। इस योजना से किसानों को सिंचाई के लिए दिन में बिजली मिल सकेगी। इसके अतिरिक्त उन्होंने अहमदाबाद स्थित यूएन मेहता हृदयरोग संस्थान और शोध केंद्र से संबंद्ध बच्चों के हृदयरोग से संबंधित अस्पताल का उद्घाटन किया।

प्रधानमंत्री ने गिरनार रोप वे का उद्घाटन करते हुए कहा कि गिरनार पर्वत पर मां अंबे भी विराजती हैं, गोरखनाथ शिखर भी है, गुरु दत्तात्रेय का शिखर है और जैन मंदिर भी है। यहां की सीढ़ियां चढ़कर जो शिखर पर पहुंचता है, वो अद्भुत शक्ति और शांति का अनुभव करता है। अब यहां विश्व स्तरीय रोप-वे बनने से सबको सुविधा मिलेगी, दर्शन का अवसर मिलेगा।

पीएम ने कहा कि अगर गिरनार रोप-वे कानूनी उलझनों में नहीं फंसा होता, तो लोगों को इसका लाभ बहुत पहले ही मिलने लग जाता। पीएम ने कहा कि हमें सोचना होगा कि जब लोगों को इतनी बड़ी सुविधा पहुंचाने वाली व्यवस्थाओं का निर्माण, इतने लंबे समय तक अटका रहेगा, तो लोगों का कितना नुकसान होता है।

वहीँ उन्होंने किसान सूर्योदय योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इससे किसानों को रात के बजाय जब सुबह यानि 5 बजे से लेकर रात 9 बजे के दौरान तीन फेज में बिजली मिलेगी, तो उनके लिए ये नया सवेरा साबित होगा। पीएम ने कहा कि मैं गुजरात सरकार को बधाई दूंगा कि बाकी व्यवस्थाओं को प्रभावित किए बिना, ट्रांसमिशन की बिल्कुल नई कैपेसिटी तैयार करके ये काम किया जा रहा है।

इस योजना के तहत अगले 2-3 वर्षों में लगभग साढ़े 3 हजार सर्किट किलोमीटर नई ट्रांसमिशन लाइनों को बिछाने का काम किया जाएगा। नरेंद्र मोदी ने कहा कि उन्हें बताया गया है कि आने वाले कुछ दिनों तक हज़ार से ज्यादा गांवों में ये योजना लागू भी हो जाएगी इनमें भी ज्यादा गांव आदिवासी बाहुल्य इलाकों में हैं।

इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नए कृषि कानूनों की उपयोगिता पर फिर से बल दिया और कहा है कि किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें मजबूत करने के लिए सरकार ने कई कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को मुनाफे पर अपना उपज बेचने का विकल्प देकर सरकार ने उन्हें मजबूत बनाया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button