लखनऊ में करीब दो घंटा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का प्रवास, कौशल दीक्षांत समारोह में मेधावियों को करेंगे सम्मानित

 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज शाम को लखनऊ दौरे पर रहेंगे। लखनऊ में पीएम मोदी का करीब दो घंटा का प्रवास रहेगा। इस दौरान प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में मेधावियों को सम्मानित करेंगे।

प्रधानमंत्री आज शाम को करीब पांच बजे लखनऊ पहुंचेंगे और इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में शाम 5:30 बजे से कौशल दीक्षांत समारोह 2026 का आयोजन शुरू होगा। इमसें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को प्रधानमंत्री सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन करेंगे। लखनऊ में इस राष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी प्रदेश की मजबूत कौशल प्रशिक्षण व्यवस्था और युवाओं की उपलब्धियों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का अवसर है।

केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्री जयन्त चौधरी शाम 5:50 बजे कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। उनके बाद लखनऊ के सांसद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 6:07 बजे से अपनी बात रखेंगे। सीएम योगी आदित्यनाथ का विशेष संबोधन शाम 6:17 बजे से होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मुख्य संबोधन 6:24 बजे से होगा।

कार्यक्रम के दौरान आईटीआई प्रशिक्षुओं की सफलता पर विशेष फिल्म दिखाई जाएगी और शिल्पकार प्रशिक्षण योजना के ऑल इंडिया टॉपर्स को प्रमाणपत्र मिलेंगे। इस कार्यक्रम में कौशल विकास, रोजगार और युवाओं के हुनर पर विशेष फोकस रहेगा।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को राजधानी लखनऊ से युवाओं को कौशल विकास का संदेश देंगे। पहली बार दिल्ली से बाहर आयोजित हो रहे पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षा समारोह के मंच से मोदी देशभर के 52 युवा टापर्स को सम्मानित करेंगे। इनमें उत्तर प्रदेश के छह मेधावी प्रशिक्षार्थी शामिल हैं। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित समारोह में प्रदेश के विभिन्न प्रशिक्षण संस्थानों के करीब 4200 प्रशिक्षार्थी रहेंगे।

समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्री जयन्त चौधरी भी मौजूद रहेंगे। राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान हासिल करने वाले 52 प्रशिक्षार्थियों में 37 शिल्पकार प्रशिक्षण योजना (सीटीएस) और 15 शिल्पकार अनुदेशक प्रशिक्षण योजना (सीआइटीएस) के हैं।

उप्र के ये प्रशिक्षार्थी होंगे सम्मानित

राष्ट्रीय स्तर पर चयनित 52 प्रशिक्षार्थियों में तमिलनाडु की काव्या लेखा आरएन ने इलेक्ट्रानिक्स मैकेनिक में 1200 में 1200 अंक पाकर आइटीआइ में पहला स्थान हासिल किया है। इस सूची में उत्तर प्रदेश के छह प्रशिक्षार्थी हैं, जिसमें आइटीसी देवरिया से नीतेश चौरसिया (फिटर), आइटीसी फैजाबाद से काजल महावर (पेंटर), आइटीआइ अलीगंज लखनऊ से अब्दुल मोबिन (मैकेनिकल डीजल), आइटीओटी लखनऊ से शाहबाज खान (इलेक्ट्रानिक मैकेनिक), प्राची विश्वकर्मा (ड्रेस मेकिंग) और प्रतिभा (इलेक्ट्रीशियन) शामिल हैं।

उत्तर प्रदेश के छह टापर्स में तीन सीटीएस और तीन सीआइटीएस के प्रशिक्षार्थी शामिल हैं। प्रदेश के लिए एक और खास उपलब्धि यह है कि सीआइटीएस के तीनों राष्ट्रीय टापर लखनऊ के अलीगंज स्थित प्रादेशिक स्टाफ प्रशिक्षण एवं शोध केंद्र के हैं। संस्थान के प्रशिक्षार्थियों ने पिछले वर्षों में भी राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया है। प्रशिक्षण वर्ष 2024-25 में 19 राष्ट्रीय टापर्स में से 16 और 2025-26 में 38 टापर्स में से 34 इसी संस्थान के रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button