बारिश के बीच मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, सड़क पर उतरे नेता

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी दलों के विरोध के बीच कांग्रेस के नेताओं ने देशव्यापी प्रदर्शन किया। शुक्रवार को लखनऊ के साथ ही प्रदेश के अन्य जिलों में दिनभर हो रही बरसात के बीच में भी विरोध और प्रदर्शन जारी रहा।

लखनऊ में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से भारी संख्या में नेता व कार्यकर्ता सड़क पर उतरे। प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में प्रदर्शन शुरू हुआ। प्रदेश भर से कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल हुए।

कांग्रेस ने प्रदर्शन को ‘वोट चोरी’ के मुद्दे से जोड़ा है। प्रदर्शन में चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दे उठाए गए। अपनी मांगो को लेकर नेता व कार्यकर्ता लगातार कर रहे नारेबाजी, वोट चोर गद्दी छोड़ के नारे गूंजे। लखनऊ में विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा व अन्य नेता पुलिस के रोके जाने पर पर भी बैरिकेटिंग पर चढ़े और इस दौरान ज्ञानेश कुमार का पुतला भी फूंका गया।

प्रयागराज में पोस्टर जलाकर की इस्तीफे की मांग

कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने सिविल लाइंस गिरजाघर के सामने आज मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ जोरदार विरोध किया। वरिष्ठ कांग्रेस नेता इरशाद उल्ला के नेतृत्व में मुख्य निर्वाचन आयुक्त के पोस्टर को आग के हवाले कर अपना आक्रोश जताया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त पर चुनाव प्रक्रिया में निष्पक्षता न बरतने का आरोप लगाया। कार्यकर्ताओं ने “ज्ञानेंद्र कुमार इस्तीफा दो”, “ज्ञानेंद्र कुमार मुर्दाबाद” और “ज्ञानेंद्र कुमार को बर्खास्त करो” के नारे लगाये। इन लोगों ने कहा कि अगर चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था पर सवाल खड़े होते हैं, तो यह गंभीर चिंता का विषय है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button