प्रदेश अध्यक्ष पद से हटने के बाद अजय का पहला बयान, बोले- मुझे इतनी बड़ी जिम्मेदारी देने का अभारी रहूंगा

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने प्रदेश संगठन में बड़ा बदलाव किया है। पार्टी ने प्रतापगढ़ की रामपुर खास सीट से विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। उन्होंने अजय राय की जगह ली है। इसके बाद अजय राय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर पार्टी के नए पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि लड़ाई अभी जारी है।

अजय राय ने अपनी पोस्ट में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि उनके जैसे सामान्य कार्यकर्ता को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी देने के लिए वह राहुल गांधी और पार्टी नेतृत्व के जीवनभर आभारी रहेंगे। उन्होंने नए प्रदेश अध्यक्ष समेत सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। पोस्ट के अंत में उन्होंने लिखा, “हम लड़ेंगे, हम जीतेंगे! हर-हर महादेव!”

इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी

संगठन में हुए बदलाव के तहत सहारनपुर से लोकसभा सांसद इमरान मसूद को यूपी कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। देवेंद्र निषाद और आलोक प्रसाद को वरिष्ठ उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं चौधरी वीरेंद्र सिंह को उत्तर प्रदेश विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल का नया नेता बनाया गया है। सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू की गई हैं।

कौन हैं आराधना मिश्रा ‘मोना’

आराधना मिश्रा ‘मोना’ प्रतापगढ़ की रामपुर खास विधानसभा सीट से लगातार तीन बार की विधायक हैं। वह वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी की बेटी हैं और इससे पहले उत्तर प्रदेश विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल की नेता की जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं। अब उन्हें प्रदेश संगठन की कमान सौंपी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button