
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उज्बेकिस्तान की दो दिवसीय यात्रा पूरी करने के बाद रविवार को किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक पहुंचे। यहां पीएम मोदी की मुलाकात रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से हुई है। दोनों देशों के नेताओं के बीच चर्चा जारी है
पीएम मोदी शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के 26वें शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए किर्गिस्तान गए हैं। इस संगठन को बने 25 साल पूरे हो गए हैं। यह दो दिवसीय शिखर सम्मेलन 31 अगस्त और 1 सितंबर को आयोजित किया गया है।
पीएम मोदी और पुतिन की होगी मुलाकात
मध्य एशिया में हो रहे इस शिखर सम्मेलन में देश-दुनिया के कई बड़े नेता शिरकत करने वाले हैं। इसी सम्मेलन में पीएम मोदी और राष्ट्रपति पुतिन की मुलाकात हुई है। दोनों देशों के नेताओं के बीच तेल-गैस की सप्लाई से ले मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध और रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर भी चर्चा हो सकती है।
रूसी राष्ट्रपति से मिलने से पहले SCO समिट के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुलाकात आर्मेनिया के प्रधानमंत्री निकोल पाशिन्यान से हुई। पीएम मोदी ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान से भी मिले।

SCO के 26वें शिखर सम्मेलन में पहुंचे पीएम मोदी
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने पीएम मोदी के दौरे के बारे में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 26वें SCO लीडरशिप समिट में हिस्सा लेने के लिए बिश्केक पहुंच गए हैं। एयरपोर्ट पर किर्गिज गणराज्य के कैबिनेट ऑफ मिनिस्टर्स के चेयरमैन, आदिलबेक कासिमालीव ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया।’
रणधीर जायसवाल ने शिखर सम्मेलन के बारे में जानकारी देते हुए बताया, ‘SCO समिट क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर बातचीत और सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए दस सदस्य देशों, पंद्रह पार्टनर देशों और दो ऑब्जर्वर देशों को एक साथ लाता है।’
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने आगे बताया, ‘प्रधानमंत्री मोदी ने बिश्केक में भारतीय समुदाय के लोगों से गर्मजोशी से मुलाकात की। प्रधानमंत्री ने भारत और किर्गिज गणराज्य के बीच दोस्ती के रिश्तों को मजबूत करने में उनके जोश, उत्साह और बहुमूल्य योगदान की सराहना की।’




