
विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को लेकर केंद्र सरकार 23 और 24 सितंबर को चिंतन शिविर आयोजित करेगी। इसमें केंद्रीय मंत्रिपरिषद के सदस्य सरकार के अब तक के कामकाज की समीक्षा करेंगे और आने वाले समय के लिए नई योजनाओं, सुधारों और प्राथमिकताओं पर चर्चा करेंगे।
सरकारी सूत्रों के मुताबिक, यह मंत्रिपरिषद की औपचारिक बैठक होगी। इसमें विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में चल रहे कार्यों का जायजा लिया जाएगा। साथ ही यह भी देखा जाएगा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की दिशा में आगे किन क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
2021 से चल रहा विकसित भारत का अभ्यास
सरकार के अनुसार, विकसित भारत 2047 को लेकर यह प्रक्रिया वर्ष 2021 से चल रही है। विजन 2047 तैयार करने और इसके लिए अल्पकालिक तथा दीर्घकालिक रोडमैप बनाने के लिए सचिवों के 10 सेक्टोरल समूह गठित किए गए थे।

इस प्रक्रिया के दौरान अलग-अलग हितधारकों के साथ व्यापक स्तर पर विचार-विमर्श भी किया गया। इसके बाद विकसित भारत@2047 के विभिन्न पहलुओं पर मंत्रिपरिषद के सामने अब तक आठ प्रस्तुतियां और चर्चाएं हो चुकी हैं।
आगे की रणनीति पर होगा फोकस
23 और 24 सितंबर को होने वाला चिंतन शिविर इसी प्रक्रिया को आगे बढ़ाएगा। इसमें सचिवों के समूहों, मंत्रालयों और विभागों, कैबिनेट सचिवालय तथा नीति आयोग की ओर से किए जा रहे काम को एक साथ देखा जाएगा। बैठक में सुधार, जीवन सुगमता, अनुपालनों में कमी और शासन से जुड़ी अन्य प्राथमिकताओं पर भी चर्चा होगी। सरकार का जोर मौजूदा कार्यों की समीक्षा के साथ भविष्य की दिशा तय करने पर रहेगा।




