मंत्री भूपेंद्र चौधरी की शंकराचार्य से अपील- एजेंडा का हिस्सा न बनें, अखिलेश पर भड़के, सपा-कांग्रेस पर निशाना

 उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने राम मंदिर चंदे पर अखिलेश यादव के बयान पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सनातन का अपमान करने वाले लोग आज राम मंदिर को बदनाम करने की साजिश में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि सनातन विरोधियों का एजेंडा सामने आ रहा है। दरअसल, राम मंदिर चंदा चोरी मामले में लगातार समाजवादी पार्टी अध्यक्ष की ओर से बयान सामने आ रहा है। वहीं, शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती भी इस मामले में बयान देते दिखे हैं। मंत्री ने शंकराचार्य से भी राजनीतिक एजेंडा हिस्सा न बनने का निवेदन किया है।

मंत्री ने क्या कहा?

राम मंदिर चंदा चोरी मामले पर अखिलेश यादव के आस्था पर ठेस पहुंचने के कारण भाजपा को नुकसान होने वाले बयान पर मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि हमने हमेशा अपनी सनातन परंपराओं, अपने साधु-संतों, हमारे धर्मगुरुओं का बहुत सम्मान किया है। हमारी जो विचारधारा है, उसमें अपनी परंपरा और संस्कृति को लेकर हम लोग देश और समाज के लिए काम कर रहे हैं।

शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से अखिलेश यादव की मुलाकात पर भी मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने प्रतिक्रिया दी। मंत्री ने कहा कि शंकराचार्य को जब अखिलेश यादव उनसे मिलने गए थे तो उनसे पूछना चाहिए था, मंदिर के निर्माण में उनका क्या योगदान है।

सपा-कांग्रेस पर बोला हमला

मंत्री ने सपा-कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी-कांग्रेस हमेशा सनातन परंपरा, सनातन मूल्य का विरोध करती रही है। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने हर प्रकार से श्री राम जन्मभूमि पर मंदिर के निर्माण में बाधा डाली। इसका हमेशा उन्होंने विरोध किया। कोर्ट से लेकर अयोध्या में कारसेवकों पर गोली चलवाकर विरोध किया गया। वे चाहते रहे कि अयोध्या में भगवान श्रीराम के जन्म स्थान पर मंदिर न बने। इसके लिए हमेशा समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने षडयंत्र किया।

मंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने तो भगवान श्री राम के अस्तित्व को मानने से इनकार कर दिया था। मेरा शंकराचार्य से निवेदन है कि सनातन विरोधी लोगों के नेताओं के एजेंडे का हिस्सा न बने। हमारे मन में अपने साधु-संतों, अपनी विरासत के प्रति बहुत सम्मान है। मंत्री के बयान पर चर्चा शुरू हो गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button