
आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष और यूपी की नगीना लोकसभा सीट से सांसद चंद्रशेखर आजाद दिल्ली में मंगलवार से संसद परिसर में धरना दे रहे हैं। वे नीट (NEET) परीक्षा के पेपर लीक होने और इसमें अन्य गड़बड़ियों के विरोध में दिल्ली में आंदोलन कर रहे छात्रों के समर्थन में धरना दे रहे हैं। संसद परिसर में चंद्रशेखर आजाद को शौचालय का उपयोग करने की भी इजाजत नहीं है। उनसे बुधवार को आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने मुलाकात की।
संजय सिंह ने आजाद को दिया समर्थन
सांसद संजय सिंह ने चंद्रशेखर आजाद से मुलाकात का एक वीडियो एक्स पर शेयर किया। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘संसद परिसर में छात्रों की मांगों को लेकर धरने पर बैठे आजाद समाज पार्टी के के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद चंद्रशेखर आजाद जी को मेरा पूर्ण समर्थन है। सोचिए, यह कैसी तानाशाही है कि एक सांसद को संसद परिसर में शौचालय तक इस्तेमाल नहीं करने दिया जा रहा। सड़क से लेकर संसद तक, प्रधानमंत्री का अहंकार देश की जनता और सांसद मिलकर तोड़ेंगे।’

चंद्रशेखर से मिलने के लिए कोई मंत्री नहीं आया
वीडियो में संजय सिंह कह रहे हैं, ‘आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद जी पिछले कई दिनों से संसद परिसर में दिन रात धरने पर बैठे हैं। ये खुद नगीना से सांसद भी हैं। इनकी मांग है कि छात्रों के साथ जो बर्बरता हुई, जो आंदोलन चल रहा है, जो उनका मांगें हैं, उसको सरकार सुने। लेकिन बहुत अफसोस का बात है कि इनसे बात करने के लिए अब तक न तो सरकार का कोई मंत्री आया, न सरकार का कोई प्रतिनिधि आया, न इनकी बात सुनी जा रही है।’
प्रधानमंत्री जी का अहंकार देश की जनता तोड़ेगी
उन्होंने कहा है कि, ‘यहां तक कि एक सांसद को संसद परिसर में शौचालय इस्तेमाल करने की इजाजत नहीं है। सड़क पर तानाशाही, सदन में तानाशाही, सदन के परिसर में तानाशाही। यह किस प्रकार की सरकार चल रही है? मुझे लगता है कि प्रधानमंत्री जी का जो गुरूर और अहंकार है, वह इस देश की जनता तोड़ेगी। मैं पूरी तरह से चंद्रशेखर आजाद जी की मांगों का समर्थन करता हूं। इस आंदोलन में इनके साथ हूं।’
नीट परीक्षा में गड़बड़ियों के विरोध में छात्रों का आंदोलन जारी
दिल्ली में नीट (NEET) परीक्षा में पेपर लीक सहित अन्य गड़बड़ियों के विरोध में छात्र आंदोलन कर रहे हैं। वे केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इसकी जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग कर रहे हैं। सोमवार को जब प्रदर्शनकारी छात्र संसद की तरफ मार्च कर रहे थे तब उन पर लाठीचार्ज किया गया। इसके साथ कई राजनीतिक दल भी छात्रों के समर्थन में मैदान में उतर गए। लोकसभा सांसद चंद्रशेखर आजाद मंगलवार से संसद परिसर में धरने पर बैठे हुए हैं।




