
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आपत्तिजनक बयान पर इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने ट्रंप के बयान की आलोचना करते हुए उसे मनगढ़ंत बताया है। ट्रंप ने एक इंटरव्यू में दावा किया था कि मेलोनी ने G7 समिट में उनके साथ फोटो खिंचवाने के लिए उनसे “गुजारिश” की थी।
रोम: इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने शुक्रवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को जमकर खरीखोटी सुनाई। उन्होंने ट्रंप पर अपने बारे में मनगढ़ंत कहानी बनाने का आरोप लगाया। ट्रंप ने एक इटैलियन टीवी चैनल को बताया था कि मेलोनी ने G7 समिट में उनके साथ फोटो खिंचवाने के लिए उनसे “गुजारिश” की थी। इस पर मेलोनी ने कहा कि वह ट्रंप की बातों से हैरान हैं। मेलोनी ने ट्रंप के दावों को पूरी तरह मनगढ़ंत बताया। उन्होंने ट्रंप की आलोचना करते हुए कहा कि वे अक्सर अपने पुराने और घनिष्ठ सहयोगियों की तुलना में पश्चिम के दुश्मनों के प्रति कहीं ज्यादा सम्मान दिखाते हैं।

अमेरिका-इटली में तनाव
ट्रंप की बातों से मेलोनी की सरकार इतनी नाराज है कि इटली के विदेश मंत्री एंटोनियो तजानी ने घोषणा की कि वे अगले हफ्ते होने वाली अपनी अमेरिका यात्रा रद्द कर रहे हैं। यह ताजा घटनाक्रम रिश्तों में आई बड़ी गिरावट को दिखाता है। यह घटनाक्रम G7 समिट में मिले उन संकेतों के कुछ ही दिनों बाद हुआ है जिनसे पता चला था कि दोनों देशों के नेताओं ने ईरान युद्ध को लेकर इस साल पैदा हुए तनाव के बाद अपने पहले से खराब रिश्तों को सुधार लिया था।
ट्रंप ने जानबूझकर मेलोनी पर साधा निशाना
फ्रांस में हुए कार्यक्रम के वीडियो में मेलोनी और ट्रंप एक छोटे सोफे पर अगल-बगल बैठकर गहरी बातचीत करते दिखे थे। अब ट्रंप ने कहा है कि उन्होंने बस उनसे बातचीत करके उनकी इच्छा पूरी की थी। La7 टीवी चैनल के एक छोटे से इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा, “शायद वह खुश हैं कि मैंने उनसे बात की। मुझे उनसे बात करने की ज़रूरत नहीं थी।” ट्रंप ने खुद पत्रकार से इटली की प्रधानमंत्री के बारे में पूछा था।




