
यूपी में झमाझम बारिश का दौर लगातार जारी है। मंगलवार को प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में मध्यम से भारी बारिश देखने को मिली। अब मौसम विभाग ने बुधवार के लिए यूपी के सभी 75 जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के मुताबिक, प्रदेश में 23 से 25 जुलाई के बीच मानसूनी गतिविधियां कुछ कमजोर पड़ सकती हैं।
मिर्जापुर में हुई 190 मिमी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को यूपी में सबसे ज्यादा मिर्जापुर में 190 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके साथ ही शाहजहांपुर में 125 मिमी, सिद्धार्थनगर में 120.8 मिमी और गोरखपुर में 111 मिमी बारिश हुई। आईएमडी ने बुधवार को राजधानी लखनऊ में बादल छाए रहने का अनुमान लगाया है। इसके साथ ही राजधानी में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है। लखनऊ में बुधवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

प्रदेश में 24 जुलाई तक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
सीनियर मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर एरिया के कमजोर पड़ने के साथ ही मानसूनी गतिविधियां तेज हो गई हैं। मानसूनी रेखा श्रीगंगानगर, रोहतक, हरदोई, वाराणसी, रांची होते हुए उत्तरी पश्चिमी बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि यूपी में 24 जुलाई तक भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इसके बाद अगले तीन से चार दिन प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश का येलो अलर्ट रहेगा।
जानिए कहां-कहां बरसेंगे बादल
मौसम विभाग के मुताबिक, यूपी के जालौन, आगरा, झांसी, ललितपुर, बांदा, महोबा, हमीरपुर, चित्रकूट, फतेहपुर, कौशांबी, प्रयागराज, संत रविदास नगर, मिर्जापुर और सोनभद्र में बहुत भारी बारिश की संभावना है। वहीं प्रदेश के हाथरस, मथुरा, अलीगढ़, एटा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, कन्नौज, औरैया, कानपुर देहात, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़, जौनपुर, वाराणसी और चंदौली में भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा यूपी के अन्य जिलों में मध्यम से हल्की बारिश होने का अनुमान है।




