MLC Election 2020 Results: आगरा स्नातक सीट पर भाजपा प्रत्याशी की जीत तो वाराणसी में सपा उम्मीदवार आशुतोष सिन्हा ने मारी बाजी


शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद के चुनाव

लखनऊ। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद के चुनाव में भाजपा ने छह में से तीन सीटों पर मारी बाजी। यह ऐसा पहला मौका होगा जब शिक्षक क्षेत्र की सीट से भाजपा उम्मीदवार उच्च सदन में पहुंचेंगे। भाजपा ने शिक्षक क्षेत्र की चार सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे जिसमें से तीन पर उसे जीत मिली है। एक सीट सपा के खाते में आई है जबकि एक सीट पर शर्मा गुट व एक पर निर्दलीय का कब्जा रहा।

उधर, स्नातक क्षेत्र की पांच सीटों में से सिर्फ इलाहाबाद-झांसी स्नातक सीट के नतीजे आ गए हैं। इस सीट पर सपा ने कब्जा जमाया है। बाकी सीटों के लिए मतगणना अभी जारी है। आगरा स्नातक सीट पर भाजपा प्रत्याशी की जीत आगरा खंड स्नातक विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह ने जीत दर्ज की है। शनिवार की सुबह भाजपा प्रत्याशी को विजेता घोषित किया गया। डॉ. मानवेंद्र प्रताप ने सपा के डॉ. असीम यादव को 5477 वोटों से हराया है। उधर, आगरा खंड शिक्षक सीट पर निर्दलीय डॉ. आकाश अग्रवाल ने जीत दर्ज की है। इसमें भाजपा प्रत्याशी दिनेश चंद्र वशिष्ठ को हार का सामना करना पड़ा है।

इलाहाबाद-झांसी सीट पर सपा का कब्जा
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की पांच सीटों के चुनाव में सपा ने भाजपा से इलाहाबाद-झांसी सीट छीन ली है। इस सीट पर सपा के डॉ. मान सिंह यादव ने चार बार से लगातार चुनाव जीत रहे भाजपा के डॉ. यज्ञदत्त शर्मा को हरा दिया। भाजपा उम्मीदवार डॉ. यज्ञदत्त शर्मा को 4333 मतों से हारे। डॉ. मान सिंह को 23093 वोट मिले जबकि डॉ. यज्ञदत्त शर्मा को 18760 मत मिले हैं।

वाराणसी में सपा प्रत्याशी की जीत
वाराणसी में स्नातक एमएलसी चुनाव में समाजवादी पार्टी के आशुतोष सिन्हा ने जीत दर्ज कर ली है। वह 3,850 मतों से विजयी हुए हैं। सपा प्रत्याशी की जीत के बाद कार्यकर्ताओं ने खुशी की लहर दौड़ आई। सभी कार्यकर्ता उम्मीदवार को फूलों की माला पहनाकर जश्न मना रहे हैं।

मेरठ स्नातक क्षेत्र में भाजपा के दिनेश गोयल जीते
मेरठ स्नातक क्षेत्र में भाजपा के दिनेश गोयल ने जीत दर्ज की है। भाजपा प्रत्याशी दिनेश गोयल ने 43,052 मत प्राप्त कर प्रथम वरीयता में जीत की दर्ज। शिक्षक नेता हेम सिंह पुंडीर 15,972 मत प्राप्त कर दूसरे स्थान पर रहे। तीसरे स्थान पर निर्दलीय हरवेंद्र सिंह रहे, इन्होंने 8925 मत प्राप्त किए। फिलहाल द्वितीय निर्वाचन की मतगणना जारी है।

लखनऊ में हुआ उलटफेर
लखनऊ स्नातक क्षेत्र के चुनाव में निर्दलीय कांति सिंह और भाजपा के अवनीश सिंह में कड़ा मुकाबला चल रहा है। मतगणना के सातवें चरण में भाजपा प्रत्याशी अवनीश आगे हैं। सातवें राउंड की मतगणना के बाद भाजपा प्रत्याशी 2135 वोट से कांति सिंह से आगे चल रहे हैं। 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *