
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार शाम 5:30 बजे के बाद राजधानी के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान गोमती नगर में पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में भाग लेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री यहां पर सम्मानित और अन्य युवाओं को संबोधित करेंगे। कौशल दीक्षांत समारोह पहली बार दिल्ली के बाहर आयोजित किया जा रहा है।
विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राज्य में बढ़ती राजनीतिक गतिविधियों के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार शाम को लखनऊ आ रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस वर्ष के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई), राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थानों (एनएसटीआई) और प्रशिक्षकों के प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीओटी) के राष्ट्रीय स्तर के 52 टॉपर्स को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित करेंगे। इनमें उत्तर प्रदेश के छह मेधावी प्रशिक्षार्थी भी शामिल हैं।
समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्री जयंत चौधरी भी मौजूद रहेंगे। आयोजन में देश के विभिन्न प्रशिक्षण संस्थानों से करीब 1200 प्रशिक्षार्थियों के शामिल होने की संभावना है। राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान हासिल करने वाले 52 प्रशिक्षार्थियों में 37 शिल्पकार प्रशिक्षण योजना (सीटीएस) और 15 शिल्पकार अनुदेशक प्रशिक्षण योजना (सीआइटीएस) के हैं।
संस्थान के प्रशिक्षार्थियों ने पिछले वर्षों में भी राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया है। प्रशिक्षण वर्ष 2024-25 में 19 राष्ट्रीय टापर्स में से 16 और 2025-26 में 38 टापर्स में से 34 इसी संस्थान के रहे हैं। प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को प्रधानमंत्री सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन करेंगे।
लखनऊ में इस राष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी प्रदेश की मजबूत कौशल प्रशिक्षण व्यवस्था और युवाओं की उपलब्धियों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का अवसर है। समारोह के जरिये कौशल आधारित शिक्षा, व्यावसायिक प्रशिक्षण और रोजगारपरक दक्षताओं को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
शैक्षणिक सत्र 2021-22 में शुरू हुआ कौशल दीक्षांत समारोह कौशल विकास के क्षेत्र में उत्कृष्टता को मान्यता देने और प्रशिक्षित युवाओं के प्रशिक्षण से कार्य-जगत में प्रवेश के अवसर को उत्सव के रूप में मनाया जाने वाला एक वार्षिक राष्ट्रीय मंच बनकर उभरा है। अपनी शुरुआत से ही इस समारोह में कौशल विकास इकोसिस्टम के अखिल भारतीय टॉपर्स और उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वालों को सम्मानित किया जाता रहा है। इससे व्यावसायिक शिक्षा और कुशल आजीविका के प्रति गौरव, उपलब्धि और आकांक्षा की भावना को बढ़ावा मिला है।
उप्र के ये प्रशिक्षार्थी होंगे सम्मानित
राष्ट्रीय स्तर पर चयनित 52 प्रशिक्षार्थियों में तमिलनाडु की काव्या लेखा आरएन ने इलेक्ट्रानिक्स मैकेनिक में 1200 में 1200 अंक पाकर आइटीआइ में पहला स्थान हासिल किया है। इस सूची में उत्तर प्रदेश के छह प्रशिक्षार्थी हैं, जिसमें आइटीसी देवरिया से नीतेश चौरसिया (फिटर), आइटीसी फैजाबाद से काजल महावर (पेंटर), आइटीआइ अलीगंज लखनऊ से अब्दुल मोबिन (मैकेनिकल डीजल), आइटीओटी लखनऊ से शाहबाज खान (इलेक्ट्रानिक मैकेनिक), प्राची विश्वकर्मा (ड्रेस मेकिंग) और प्रतिभा (इलेक्ट्रीशियन) शामिल हैं।
सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शनिवार शाम को लखनऊ में आगमन पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में होने वाले कौशल दीक्षांत समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्र सरकार के मंत्री, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक के साथ योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल के सदस्य और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी को लेकर सुरक्षाबल बेहद मुस्तैद हैं।
लखनऊ में दो कंपनी आरआरएफ और NSG की टीम भी मुस्तैद रहेगी। CCTV और सोशल मीडिया पर 24 घंटे नजर रहेगी।एंटी ड्रोन सिस्टम, नाइट विजन टीम और एंटी सबोटाज टीम को भी लगाया गया है। कार्यक्रम स्थल और संवेदनशील स्थानों पर छतों से निगरानी होगी। सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे नजर रखी जाएगी।
होटल से लेकर प्रमुख स्थलों की हुई चेकिंग
प्रधानमंत्री के शनिवार को होने वाले कार्यक्रम को लेकर लखनऊ में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। पुलिस ने शहर के पांचों जोन में विशेष चेकिंग अभियान चलाकर 735 होटल, ढाबे और अपार्टमेंट की जांच की। इस दौरान 4433 संदिग्ध व्यक्तियों और 1912 वाहनों की चेकिंग की गई। रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, रेस्टोरेंट, भीड़भाड़ वाले स्थानों और कार्यक्रम स्थल के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
दुरुस्त रहेगी ट्रैफिक व्यवस्था
प्रधानमंत्री के आगमन के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था में 790 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इनके साथ PAC की 11 कंपनी और दो प्लाटून तैनात रहेंगी।
विशेष विमान से पहुंचेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को विशेष विमान से अमौसी एयरपोर्ट पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से सुरक्षा फ्लीट के साथ कार्यक्रम स्थल जाएंगे। उनकी सुरक्षा में 4400 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इनमें आठ डीसीपी, दस एडीसीपी, 34 एसीपी 114 इंस्पेक्टर और 946 सब इंस्पेक्टर हैं। इनके साथ 108 महिला दारोगा और 423 महिला पुलिसकर्मी मुस्तैद रहेंगी।




