यूपी में 56 साल बाद ‘रत्न सदस्यता’ के साथ मिलेंगे 200000 रुपये, अन्य सम्मानों का पैसा भी 10 गुना बढ़ाने का प्रस्ताव

उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी (यूपीएसएनए) के प्रतिष्ठित सम्मान रत्न सदस्यता की राशि तय होने जा रही है। 56 वर्षों बाद यह अवसर आने वाला है, जब इस सम्मान के साथ राशि भी प्रदान की जाएगी।

अकादमी ने रत्न सदस्यता की राशि दो लाख रुपये करने का प्रस्ताव शासन को भेजा है। इसके अलावा अपने तीन अन्य सम्मानों की राशि भी 10 गुणा तक बढ़ाने की मांग की है। अकादमी सम्मान की राशि वर्ष 1983 में अंतिम बार बढ़ाई गई थी। दैनिक जागरण ने हाल ही में अपने समाचारीय अभियान ”अकादमी का औचित्य” में इस बिंदु को भी उठाया था।

यूपीएसएनए की स्थापना 13 नवंबर 1963 को की गई थी। अकादमी ने 1970 में कला-संस्कृति के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विशिष्टजन को सम्मानित करने की परंपरा शुरू की। शुरुआत में अकादमी सम्मान व रत्न सदस्यता प्रदान की जाती थी। अकादमी सम्मान की राशि अभी तक 10 हजार रुपये दी जा रही है, जबकि रत्न सदस्यता के साथ कोई राशि नहीं तय है।

तय नहीं है सम्मान राशि

अकादमी के सम्मान अंतिम बार पांच जून 2026 को प्रदान किए गए थे। जनभवन में आयोजित समारोह में वर्ष 2021, 2022, 2023 और 2024 के लिए तीन पुरस्कारों (अकादमी सम्मान, बीएम शाह व सफदर हाशमी सम्मान) के लिए चयनित कुल 51 विशिष्ट कलाकारों को सम्मानित किया गया था। रत्न सदस्यता इसलिए नहीं दी गई, क्योंकि इसके लिए सम्मान राशि तय नहीं है।

तभी से यह निर्धारित हो गया था कि रत्न सदस्यता के लिए विशिष्टजन के नामों की घोषणा तभी की जाएगी, जब इसकी राशि घोषित हो जाएगी। अकादमी की उपाध्यक्ष विभा सिंह ने बताया कि रत्न सदस्यता के लिए दो लाख व बाकी तीन सम्मानों की राशि एक-एक लाख रुपये करने का प्रस्ताव भेजा गया है।

हिंदी और संस्कृत संस्थान से राशि काफी कम

उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के सम्मानों की प्रस्तावित राशि स्वीकृत होना तय है, लेकिन यह राशि लखनऊ के ही संस्थानों से काफी कम होगी। उत्तर प्रदेश हिंदी सम्मान का सर्वोच्च भारत भारती सम्मान की राशि आठ लाख रुपये है, जबकि उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान के प्रतिष्ठित विश्व भारती सम्मान की राशि पांच लाख रुपये है। इसके सापेक्ष रत्न सदस्यता की राशि आधी भी नहीं है।

रत्न सदस्यता सहित अकादमी के चारों विशिष्ट सम्मान की राशि बढ़ाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। कलाकारों के हित में शीघ्र निर्णय होगा। इसके बाद वर्ष 2025 व 26 के सम्मान के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button