
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को लोक भवन में कुशल खिलाड़ी कोटा के अंतर्गत 470 प्रतिभाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर खिलाड़ियों को शराब और समाजवादी पार्टी से सावधान किया।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश पुलिस में कुशल खिलाड़ी कोटा के अंतर्गत चयनित 470 खेल प्रतिभाओं को आज लखनऊ में नियुक्ति-पत्र प्रदान किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले सीधी भर्ती से पुलिस या किसी भी विभाग में खिलाड़ी को भर्ती करने का कोई नियम नहीं था।
आज जो नियुक्ति-पत्र आपको प्राप्त हो रहा है, यह न सरकार की कृपा है, न मेरी अनुकंपा। यह आपकी प्रतिभा का परिणाम है। नियुक्ति में किसी की सिफारिश नहीं चली, कोई लेनदेन नहीं हुआ, किसी सिंडिकेट को हावी नहीं होने दिया गया।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की इन नियुक्तियों में किसी की सिफारिश नहीं चली, कोई लेनदेन नहीं हुआ और किसी सिंडिकेट को हावी नहीं होने दिया गया। इसमें सिर्फ और सिर्फ आपकी प्रतिभा और आपका परिश्रम सामने आया है। उसी प्रतिभा को सम्मान देने के लिए आज हम सब यहां उपस्थित हुए हैं।
शराब और सपा, ये दोनों एक-दूसरे के पूरक
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब समाजवादी पार्टी युवाओं की नियुक्ति की बात करती है तो मुझे लगता है कि जैसे कोई मगरमच्छ पानी में बैठकर शांति का उपदेश दे रहा है। आपको इनसे सावधान रहना होगा। शराब और सपा, ये दोनों एक-दूसरे के पूरक हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एक समय था, जब उत्तर प्रदेश के अंदर सूर्योदय से सूर्यास्त के बीच ही लाइफ हुआ करती थी। इसके पहले और बाद में आप बाहर नहीं निकल सकते थे।
सरकार की अपेक्षा पर खरे उतरे तो नियुक्ति पत्र
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ‘नए उत्तर प्रदेश’ में आज गांव से ब्लॉक तक, ब्लॉक से जनपद तक, जनपद से प्रदेश तक खेल के मैदान, मिनी स्टेडियम, स्टेडियम और इंटरनेशनल स्टेडियम विकसित हो रहे हैं। उन्होंने सभी खेल प्रतिभाओं को हार्दिक बधाई देने के साथ उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और कहा कि जो कार्य आप ‘जर्सी’ में करते थे, सरकार वही अपेक्षा आपसे ‘वर्दी’ में भी करती है। आप सरकार की अपेक्षा पर खरे उतरे तो आपको नियुक्ति पत्र दिया गया है।
अवैध कब्जे से मुक्त करा विकसित कर रहे स्टेडियम
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने 64 हजार हेक्टेयर भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराकर उत्तर प्रदेश में गांव से लेकर प्रदेश स्तर तक खेल के मैदान, मिनी स्टेडियम, स्टेडियम और इंटरनेशनल स्टेडियम विकसित करने का काम किया है। हर कमिश्नरी में स्पोर्ट्स कॉलेज और उनमें Centre of Excellence स्थापित किए जा रहे हैं, जहां खिलाड़ियों को International Standard की प्रैक्टिस, बेहतर कोचिंग और आवश्यक सुविधाएं मिलेंगी। आज उत्तर प्रदेश के पास अपनी Sports University भी है। हमारा लक्ष्य स्पष्ट है- प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को विश्वस्तरीय सुविधाएं देकर उन्हें नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना।




