
दशहरा, दीपावली और छठ पर्व को देखते हुए लखनऊ होकर कई शहरों के लिए फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। उत्तर रेलवे मुख्यालय ने गुरुवार देर शाम पटना, फिरोजपुर, चंडीगढ़ और दिल्ली सहित कई शहरों की स्पेशल ट्रेनें चलाने के आदेश दे दिए हैं।
इस बार 20 अक्टूबर को दशहरा, आठ नवंबर को दीपावली और छठ पर्व 16 नवंबर को होगा। ऐसे में 60 दिन पहले दिल्ली, मुंबई और बिहार रूट की ट्रेनों की बुकिंग होते हुए नियमित ट्रेनों में लंबी वेटिंग आ जाएगी। रेलवे पहले से ही स्पेशल ट्रेनों की व्यवस्था कर यात्रियों के लिए वैकल्पिक सुविधा देगा।
दो अक्टूबर से 28 नवंबर तक ट्रेन 04209 प्रत्येक शुक्रवार, सोमवार और बुधवार को रात 10:15 बजे वाराणसी से चलकर 3:30 बजे लखनऊ से होते हुए दिल्ली दोपहर 1:45 बजे पहुंचेगी। इसी तरह वापसी में ट्रेन 04210 स्पेशल प्रत्येक शनिवार, मंगलवार व गुरुवार को शाम 6:50 बजे दिल्ली से चलकर लखनऊ से रात 3:50 बजे होते हुए सुबह 9:50 वाराणसी पहुंचेगी।

इन जगहों के लिए भी चलेगी स्पेशल ट्रेन
ट्रेन 04213 स्पेशल एक अक्टूबर से 29 नवंबर तक अयोध्या कैंट से गुरुवार व रविवार को शाम 6:20 बजे चलकर लखनऊ से रात 8:45 बजे होते हुए आनंद विहार सुबह 6:10 बजे पहुंचेगी। इसी तरह ट्रेन 04214 स्पेशल आनंद विहार से दो अक्टूबर से 30 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार व सोमवार को सुबह नौ बजे चलकर लखनऊ से शाम 6:20 बजे होते हुए अयोध्या कैंट रात 10 बजे पहुंचेगी।
ट्रेन 04512 स्पेशल चंडीगढ़ से एक अक्टूबर से 26 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार को रात 11:35 बजे चलकर शुक्रवार को सुबह 10:30 बजे आलमनगर और 11:10 बजे उतरेटिया होते हुए रात 9:15 बजे पटना पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन 04511 स्पेशल पटना से दो अक्टूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को रात 11:15 बजे चलकर शनिवार को 8:58 बजे उतरेटिया और 9:30 बजे आलमनगर होते हुए चंडीगढ़ रात 9:40 बजे पहुंचेगी।
04616 स्पेशल फिरोजपुर कैंट से छह अक्टूबर से 24 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार को दोपहर 12 बजे चलकर बुधवार सुबह 4:55 बजे आलमनगर, 5:40 बजे उतरेटिया होते हुए पटना शाम 6:35 बजे पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन 04615 स्पेशल पटना से सात अक्टूबर से 25 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार रात 8:20 बजे चलकर उतरेटिया से गुरुवार सुबह 5:56 बजे, आलमनगर से 6:55 बजे होते हुए फिरोजपुर कैंट रात 11:55 बजे पहुंचेगी।




